अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे से गरमाई यूपी की सियासत, राम-आस्था और विरासत पर छिड़ा नया संग्राम
अयोध्या में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले सियासी सरगर्मी तेज हो गई है, जहां राम मंदिर और आस्था के बहाने राजनीतिक बिसात बिछाई जा रही है।

HighLights
अयोध्या 2027 विधानसभा चुनाव के लिए राजनीतिक केंद्र बन रही है।
भाजपा राम मंदिर आंदोलन, कारसेवक गोलीकांड को मुद्दा बना रही है।
सपा आस्था छवि बदलने, स्थानीय मुद्दों पर ध्यान केंद्रित कर रही है।
प्रहलाद तिवारी, अयोध्या। यूं तो राम सबके हैं और आस्था के केंद्र हैं, लेकिन हर चुनाव में राजनीतिक प्रतीक भी होते हैं। अब 2027 के विधानसभा चुनाव की आहट के साथ राजनीति की धुरी रामनगरी की ओर घूमने लगी है।
अयोध्या में अब मुकाबला केवल रामलला के दर्शन का नहीं, बल्कि रामभक्तों के प्रति राजनीतिक जवाबदेही और आस्था की स्वीकार्यता का भी बनता दिख रहा है। सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के 12 दिसंबर को प्रस्तावित दौरे से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपोत्सव के मंच से रामभक्तों पर गोली चलवाने वालों को रामभक्तों से माफी मांगने का संदेश देकर सियासी ताप बढ़ा दिया है।
इसके राजनीतिक निहितार्थ साफ हैं। भाजपा एक बार फिर राम मंदिर आंदोलन और कारसेवकों पर गोलीकांड के प्रसंग को सपा के सामने खड़ा कर रही है। दूसरी ओर रामलला के विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा के बाद पहली बार अखिलेश का पत्नी डिंपल के साथ रामलला और हनुमानगढ़ी पहुंचना सपा की आस्था संबंधी राजनीतिक छवि को नया आधार देने की कोशिश माना जा रहा है।
दरअसल, विधानसभा चुनाव से पहले अयोध्या में यह केवल नेताओं के दौरों का घटनाक्रम नहीं, बल्कि राम, आस्था और राजनीतिक विरासत पर दावेदारी का नया अध्याय है।
राम मंदिर आंदोलन के दौरान भाजपा और संघ परिवार ने दशकों तक संघर्ष किया। मंदिर निर्माण के बाद भी राम का राजनीतिक महत्व कायम है। पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी की रथयात्रा से मंदिर निर्माण तक भाजपा ने राम को अपनी वैचारिक और राजनीतिक पहचान का हिस्सा बनाया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हैं। गोरक्षपीठ की तीन पीढ़ियों का राम जन्मभूमि आंदोलन से जुड़ाव और दीपोत्सव जैसे आयोजनों को भव्य स्वरूप देना इस विमर्श का हिस्सा है। भाजपा सपा पर राम मंदिर से दूरी और तुष्टीकरण की राजनीति के आरोप लगाती रही है।
सपा इस पहल से गैर यादव पिछड़े वर्गों, सवर्णों और व्यापक हिंदू मतदाताओं के बीच अपनी स्वीकार्यता बढ़ाने की कोशिश कर सकती है। 2024 लाेकसभा चुनाव में फैजाबाद संसदीय सीट पर सपा उम्मीदवार अवधेश प्रसाद की जीत से उत्साहित अब पार्टी का फोकस अयोध्या पर हैं।
अखिलेश 26 फरवरी 2022 को विधानसभा चुनाव के दौरान हनुमानगढ़ी में दर्शन के लिए पहुंचे थे। उसके बाद वह कई बार अयोध्या जिले में आए लेकिन राम मंदिर से दूरी बनाए रखीं।
हालांकि वह इंटरनेट मीडिया पर मंदिर के चढ़ावे, चंदे और दान में कथित अनियमितताओं का मुद्दा लगातार उठाते रहे हैं और जमीन के मुआवजे और विस्थापन का सवाल भी उठाया।
हाल ही में पूर्व मंत्री पवन पांडेय के आवास पर श्रीमद्भागवत कथा में सम्मिलित होने आए अखिलेश यादव ने सीएम योगी आदित्यनाथ को अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती पेश की थी। उसका जवाब सीएम ने देते हुए गेंद अखिलेश के पाले में वापस कर दी थी।
अयोध्या में भाजपा और सपा के बीच मुकाबले के दो अलग-अलग नैरेटिव बहस के केंद्र में हैं। भाजपा राम मंदिर आंदोलन की विरासत और कारसेवकों के बलिदान को राजनीतिक विमर्श के केंद्र में रख रही है तो सपा मंदिर प्रबंधन, चंदे की पारदर्शिता और विकास के नाम पर प्रभावित अयोध्यावासियों के सवाल उठा रही है। 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले रामनगरी इस सियासी संघर्ष का प्रतीक बनती दिख रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।