अयोध्या में महिलाओं को निशाना बनाकर गहनों की लूट करने वाला इनामी बदमाश सद्दाम नूरी गिरफ्तार
अयोध्या पुलिस ने महिलाओं को निशाना बनाकर लूटपाट करने वाले इनामी बदमाश सद्दाम उर्फ नूरी को रुदौली क्षेत्र से गिरफ्तार किया है।

पुलिस की गिरफ्त में इनामी बदमाश नूरी। तस्वीर- अयोध्या
HighLights
इनामी बदमाश सद्दाम उर्फ नूरी रुदौली से गिरफ्तार हुआ।
महिलाओं को निशाना बनाकर लूट की वारदातें करता था।
आरोपी पर कई थानों में आठ मुकदमे दर्ज हैं।
संवाद सूत्र, रुदौली (अयोध्या)। क्षेत्र में महिलाओं को निशाना बना कर लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले इनामी बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर रौजागांव ओवरब्रिज के पास घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपित की पहचान नगर के पूरे मलिक मोहल्ला निवासी सद्दाम उर्फ नूरी के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी दो लूट की घटनाओं में वांछित था।
पुलिस के अनुसार पहली वारदात 12 फरवरी 2026 को शाम के समय ग्राम फिरोजपुर पवारान-कूढ़ासादात संपर्क मार्ग पर नहर पुलिया के पास हुई थी। यहां तीन महिलाओं से सोने की झुमकी, पाजेब, नाक का बुंदा और मटरमाला छीन ली गई थी। इसके बाद 25 फरवरी 2026 को ग्राम रहीमगंज धौरहरा में एक बुजुर्ग महिला को निशाना बनाते हुए उसके कान के बाले, नाक का बुंदा, मंगलसूत्र और पैरों की पायल लूट ली गई थी। दोनों घटनाओं के संबंध में कोतवाली में मुकदमे दर्ज किए गए थे। पुलिस तभी से आरोपी की तलाश में जुटी थी।
प्रभारी निरीक्षक संजय मौर्य के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार सद्दाम का आपराधिक इतिहास भी लंबा है। उसके खिलाफ मवई, रौनाही और रुदौली थानों में चोरी, लूट, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में आठ मुकदमे दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2018 का लूट का मुकदमा, वर्ष 2019 का गैंगस्टर एक्ट, वर्ष 2021 के चोरी और आर्म्स एक्ट के मामले तथा वर्ष 2024 में दर्ज मुकदमें शामिल हैं।