अयोध्या में 14 कोसी परिक्रमा मार्ग के चौड़ीकरण से प्रभावितों को 2.26 करोड़ का मुआवजा, पांच व्यापारियों को मिलेंगी दुकानें
अयोध्या में 14 कोसी परिक्रमा मार्ग के चौड़ीकरण से प्रभावित नाका क्षेत्र के लोगों को अब मुआवजा और पुनर्वास का लाभ मिलेगा।

14 कोसी परिक्रमा मार्ग के चौड़ीकरण से प्रभावितों को 2.26 करोड़ का मुआवजा।
HighLights
14 कोसी परिक्रमा मार्ग प्रभावितों को मिलेगा मुआवजा।
11 भवन स्वामियों को 2.26 करोड़ रुपये का भुगतान।
पांच व्यापारियों को नगर निगम से मिलेंगी दुकानें।
जागरण संवाददाता, अयोध्या। 14 कोसी परिक्रमा मार्ग के चौड़ीकरण की जद में आने से प्रभावित नाका क्षेत्र के प्रभावितों को अब मुआवजा और पुनर्वास का लाभ मिलेगा। विधायक वेद प्रकाश गुप्ता की पहल के बाद प्रशासन और प्रभावितों के बीच मुआवजे को लेकर सहमति बनी है।
11 भवन स्वामियों को कुल 2.26 करोड़ रुपये का मुआवजा मिलेगा। इसमें प्रभावित किराएदारों को भी शामिल किया गया है। वहीं, कार्रवाई से प्रभावित पांच व्यापारियों को नगर निगम अथवा अयोध्या विकास प्राधिकरण की ओर से निर्मित दुकानें उपलब्ध कराने पर सहमति बनी है।
रविवार को नाका क्षेत्र में भवन व दुकानों पर बुलडाेजर चला था। इस कार्रवाई पर सवाल उठे थे। 14 कोसी परिक्रमा मार्ग के चौड़ीकरण को लेकर नाका क्षेत्र में हुई कार्रवाई के बाद प्रभावित परिवारों की ओर से मुआवजे और पुनर्वास की मांग उठाई गई थी।
विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने प्रभावितों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनी थीं और इसके बाद डीएम एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर समाधान की दिशा में पहल की। अब मुआवजे पर सहमति बनने के बाद प्रभावितों को बड़ी राहत मिली है।
कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित प्रेसवार्ता में विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि प्रभावित परिवारों की समस्याओं को लेकर प्रशासन के अधिकारियों के साथ लगातार वार्ता की गई। कार्रवाई से प्रभावित लोगो को उनकी अपेक्षा के अनुसार राहत दिलाने का प्रयास किया गया।
उन्होंने कहा कि जिन भवन स्वामियों और किराएदारों को नुकसान हुआ है, उन्हें निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार मुआवजा दिया जा रहा है। पांच व्यापारियों दीपचंद, शक्ति गुप्ता, आशादेवी, मुरारी यादव व रवींद्र को नगर निगम अथवा विकास प्राधिकरण द्वारा निर्मित दुकानें उपलब्ध कराने की सहमति बनी है।
विधायक ने बताया कि प्रभावितों को प्राथमिकता के आधार पर सरकारी योजनाओं का लाभ व आवास की सुविधा भी दिलाई जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों को जल्द से जल्द राहत मिले और वे अपने जीवन-यापन को फिर से व्यवस्थित कर सकें, इसकी दिशा में प्राथमिकता के आधार पर कदम बढ़ाया गया है।
एडीएम सिटी, हेमंत जायसवाल, प्रांशु अग्रवाल, प्रकाश गुप्ता, महेश श्रीवास्तव, मीडिया प्रभारी अमित मिश्रा तथा प्रभावितों में मुरारी सिंह यादव, घनश्याम यादव, मोहित यादव, पूनम गुप्ता, राजेन्द्र यादव, हरिराम यादव, आशा देवी, गिरीराज पाल, अमित सिंह, मौजूद रहे।
किसको कितना मिला है मुआवजा
मकान मालिकों में मुरारी सिंह यादव को 63,89,585.41, घनश्याम यादव को 68,29,857.40, रवींद्र कुमार को 8,07,389.80, आशा देवी को 8,07,389.80 अमित सिंह को 9,93,285.53 मुआवजा मिला है। दीपचंद्र गुप्ता तथा शक्ति गुप्ता को 16,99,767.99, प्रीति को 5,22,121.26, श्यामसुंदर यादव को 19,87,334.90 का मुआवजा मिला है। दुकानदारों में घनश्याम व मुरारी को 2,32,339.60, रवीन्द्र कुमार को 1,04,403.85 मुआवजा मिला।
वहीं, दीप चंद्र गुप्ता तथा शक्ति गुप्ता को 2,19,797.58, अमर यादव को 2,01,699.94, आनंद यादव को 2,01,699.94 तथा नीलांबर को 1,78,254.47 रुपये का मुआवजा मिला है। किराएदारों में मोहित यादव को 1,81,194.07, पूनम गुप्ता को 1,99,242.79, राजेन्द्र यादव को 2,32,339.60, हरि राम यादव को 2,05,332.60, रोहित यादव को 1,36,888.40, अमरजीत को 1,04,403.85 तथा गिरि राज पाल को 1,42,713.44 रुपये का मुआवजा मिला है।
