'जमानत भी नहीं बचा पाएंगे अखिलेश यादव', अब अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने दी सपा प्रमुख को खुली चुनौती
अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव को अयोध्या से चुनाव लड़ने की खुली चुनौती दी है, दावा किया कि वे अपनी जमानत भी नहीं बचा पाएंगे।

विधायक वेद प्रकाश गुप्ता की अखिलेश यादव को खुली चुनौती।
HighLights
अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने अखिलेश यादव को चुनौती दी।
कहा, अखिलेश यादव अपनी जमानत भी नहीं बचा पाएंगे।
योगी के विकास की सराहना, सपा के काम पर सवाल।
जागरण संवाददाता, अयोध्या। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और सपा मुखिया अखिलेश यादव के बीच अयोध्या से चुनावी मुकाबला हुआ तो परिणाम एकतरफा होगा। अखिलेश यादव अपनी जमानत भी नहीं बचा पाएंगे। यह चुनौती अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने दी है। उन्होंने अखिलेश यादव को अयोध्या से चुनाव लड़ने का खुला आमंत्रण दिया।
पत्रकारों से बातचीत के दौरान विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वर्ष 2017 के बाद अयोध्या की तस्वीर बदलने का काम किया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के अयोध्या को वैश्विक पर्यटन नगरी बनाने के संकल्प को साकार करने की दिशा में व्यापक कार्य हुए हैं।
अयोध्या सहित देश के प्रमुख तीर्थ स्थलों को नई पहचान मिली है।विधायक ने अखिलेश यादव के पांच वर्ष के मुख्यमंत्री कार्यकाल पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि उस दौरान अयोध्या के विकास के लिए कोई उल्लेखनीय काम नहीं हुआ।
उन्होंने कहा कि तत्कालीन सपा सरकार की कैबिनेट में अयोध्या का प्रतिनिधित्व करने वाले मंत्री भी थे, लेकिन इसके बावजूद शहर को विकास की दृष्टि से अपेक्षित प्राथमिकता नहीं मिली।
विधायक ने कहा कि रामनगरी में हुए बदलावों को जनता देख रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या को धार्मिक, सांस्कृतिक और वैश्विक पर्यटन के मानचित्र पर नई पहचान दिलाई है।
यह भी पढ़ें- सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग में मुरादाबाद फिसला, रामपुर ने बनाई जगह, संभल-अमरोहा को झटका
