अयोध्या में त्योहारों पर विमान किराए में भारी उछाल, साढ़े सात हजार से 30 हजार पहुंचा अहमदाबाद का किराया
त्योहारी सीजन के कारण अयोध्या आने वाली उड़ानों का किराया दो से तीन गुना बढ़ गया है, जिससे यात्रियों को ...और पढ़ें
-1791901713240_m.webp)
HighLights
त्योहारी सीजन में अयोध्या हवाई किराए में भारी वृद्धि।
मुंबई, अहमदाबाद से किराया 20 हजार से 30 हजार।
यात्रियों को कनेक्टिंग फ्लाइट्स का सहारा लेना पड़ सकता है।
विनोद यादव, अयोध्या। त्योहारी सीजन का असर हवाई यात्रा पर भी नजर आने लगा है। फ्लाइटों का किराया आसमान छूने लगा है। दो से तीन गुणा बढ़ोतरी हुई है। अभी से टिकट बुक करा रहे लोग अधिक किराया अदा कर रहे हैं। लोग ऑनलाइन ही टिकट बुक कराते हैं। इन दिनों मुंबई व अहमदाबाद सहित अन्य शहरों से रामनगरी आने वाले विमानों की सीटें लगभग फुल हैं।
इस वजह से आने वाले दिनों में विभिन्न शहरों से अयोध्या आने के लिए यात्रियों को कनेक्टिंग फ्लाइटों का सहारा लेना पड़ सकता है, जिसका बोझ भी यात्रियों की जेब पर पड़ेगा। इससे ज्यादा किराया संग यात्रा में समय भी अधिक लगेगा। अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों का दबाव और बढ़ सकता है। इससे किराए में वृद्धि होना तय है। ईंधन की कीमतों में हुई वृद्धि भी इसका एक कारक है।
सामान्य दिनों में मुंबई से अयोध्या आने के लिए फ्लाइट का किराया लगभग साढ़े सात से आठ हजार रुपये, अहमदाबाद से सात हजार से साढ़े आठ हजार, हिसार का चार हजार से साढ़े चार हजार व हैदराबाद का लगभग 10 हजार पांच सौ रुपये एवं बेंगलुरु का साढ़े 11 हजार से 12 हजार रुपये होता है। पर 25 अक्टूबर के बाद इन उड़ानों के किराए में बढ़ोतरी हो गई है। मुंबई से रामनगरी आने के लिए तो हवाई टिकट 20 हजार से अधिक का बताया जा रहा है। इसी तरह अहमदाबाद व बेंगलुरु से अयोध्या आने के लिए 19 हजार रुपये तक चुकाने होंगे।
रामनगरी से विभिन्न विमानन कंपनियों की ओर से मुंबई, दिल्ली, अहमदाबाद, बेंगलुरु, हैदराबाद व हिसार जैसे शहरों के लिए फ्लाइटें संचालित हैं। इन शहरों के लिए इंडिगो, आकासा व एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइटें हैं। इसमें तीन फ्लाइटें आकासा, इंडिगो व एयर इंडिया एक्सप्रेस दिल्ली के लिए नियमित हैं। रामनगरी से इंडिगो की एक फ्लाइट प्रत्येक दिन शाम लगभग पांच बजे मुंबई के लिए है।
अन्य शहरों के लिए अलग-अलग दिन फ्लाइट की सुविधा है। यात्री अजय सैनी कहते हैं कि नवंबर माह में मुंबई से रामनगरी का 20 हजार रुपए में टिकट कराया है। बेंगलुरु का किराया 15-19 हजार तक पहुंच गया है। अहमदाबाद का किराया 17 नवंबर को लगभग 30 हजार तक पहुंच गया। एयरपोर्ट के निदेशक धीरेंद्र सिंह ने किराया बढ़ने के पीछे यात्रियों के दबाव को कारण बताया।
