अयोध्या दीपोत्सव पर रोशनी के सागर में नहाएगी रामनगरी, छोटी छावनी से दशरथ महल तक खास तैयारी
अयोध्या दीपोत्सव के लिए रामनगरी को पारंपरिक और आधुनिक रोशनी से जगमगाने की तैयारी है। रामपथ सहित 41 प्रमुख मठ-मंदिरों और धार्मिक स्थलों को सजाया जाएगा।

अयोध्या दीपोत्सव पर रोशनी के सागर में नहाएगी रामनगरी।
HighLights
दीपोत्सव पर रामनगरी को रोशनी से जगमगाने की तैयारी।
रामपथ सहित 41 प्रमुख मठ-मंदिरों को सजाया जाएगा।
श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए भव्य आकर्षण का केंद्र।
जागरण संवाददाता, अयोध्या। दसवें दीपोत्सव पर रामनगरी को रोशनी से जगमगाने की तैयारी है। रामपथ के साथ रामनगरी के 41 प्रमुख मठ-मंदिरों और धार्मिक स्थलों को भी पारंपरिक झालरों और आधुनिक लाइटिंग से जगमग किया जाएगा।
श्री अयोध्या जी तीर्थ विकास परिषद ने इसके लिए स्थलों की सूची तैयार की है। दीपोत्सव से पहले सजावट का काम पूरा करने की योजना है। रात में रोशनी से नहाए मंदिरों की छटा श्रद्धालुओं और पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बनेगी।
दीपोत्सव में इस बार धार्मिक स्थलों की सजावट पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। परिषद की ओर से चिह्नित सभी 41 स्थलों पर उनकी जरूरत के अनुसार लाइटिंग की जाएगी। इससे मंदिरों की स्थापत्य कला और रामनगरी का आध्यात्मिक वैभव रात के समय और निखरकर सामने आएगा।
श्री अयोध्या जी तीर्थ विकास परिषद के सीईओ जयेंद्र कुमार ने बताया कि मठ-मंदिरों को पारंपरिक झालरों और आधुनिक लाइटिंग से सजाया जाएगा। इसकी तैयारी चल रही है। इससे श्रद्धालुओं और पर्यटकों को रामनगरी का भव्य एवं आकर्षक स्वरूप देखने को मिलेगा। .पर्यटकों को अद्भुत नजारा देखने को मिलेगा। रामपथ के साथ प्रमुख मठ-मंदिरों की सजावट अयोध्या के धार्मिक और सांस्कृतिक वैभव को एक नया रूप देगा।
छोटी छावनी से दशरथ महल तक होगी सजावट
सजावट के लिए तैयार सूची में छोटी छावनी के नाम से लोकप्रिय मणिरामदास जी की छावनी, वाल्मीकि मंदिर, चारधाम मंदिर, दिगंबर अखाड़ा, बड़ा भक्तमाल, दशरथ महल, सनकादिक आश्रम, जानकी घाट, कौशल्या सदन, अशर्फी भवन, रामवल्लभाकुंज, लक्ष्मण किला, सुग्रीव किला, श्रीधाम रामकोट, रंग महल, क्षीरेश्वर मंदिर, हरिधाम और सतगुरु आश्रम समेत प्रमुख धार्मिक स्थल शामिल हैं।
इसके अलावा झुनकीघाट मंदिर, नाका हनुमानगढ़ी, उदासीन संगत आश्रम (रानोपाली), फटिक शिला, रामकचेहरी, रामवल्लभाचार्य मंदिर, गुरुद्वारा ब्रह्मकुंड, राजसदन, सआदतगंज हनुमानगढ़ी, दरिद्री आश्रम, श्री हनुमान मंदिर पक्का घाट, हनुमत सदन आचार्य राजकिशोर, कारसेवकपुरम परिसर, कारसेवकपुरम कार्यशाला, मंगल भवन, सुंदरधाम और महर्षि वेद विज्ञान विद्यापीठ सहित अन्य स्थल भी रोशनी से सजाए जाएंगे।
