अयोध्या दीपोत्सव से पहले ही रामनगरी में होटल-गेस्ट हाउस फुल और होम स्टे फुल, 90 प्रतिशत कमरे बुक
अयोध्या में दीपोत्सव से पहले ही पर्यटन कारोबार में भारी उछाल आया है, जहां होटल, गेस्ट हाउस और होम स्टे के 90% कमरे बुक हो चुके हैं।

अयोध्या दीपोत्सव से पहले ही रामनगरी में होटल-गेस्ट हाउस फुल और होम स्टे फुल।
HighLights
अयोध्या दीपोत्सव से पहले पर्यटन कारोबार में भारी उछाल।
रामनगरी के 90% होटल, गेस्ट हाउस, होम स्टे बुक।
श्रद्धालु रामलला दर्शन व दीपोत्सव देखने को आतुर।
प्रहलाद तिवारी, अयोध्या। दीपोत्सव से पहले ही रामनगरी में एक बार फिर पर्यटन कारोबार को पंख लग गये हैं। वैश्विक फलक पर हर वर्ष नए प्रतिमान गढ़ रहे दीपोत्सव के प्रति देश-दुनिया के पर्यटक आकर्षित हो रहे हैं। दीपोत्सव का हिस्सा बनने को हर कोई आतुर नजर आ रहा है।
दसवें दीपोत्सव के साक्षी बनने और रामलला के दर्शन की अभिलाषा लेकर देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले श्रद्धालुओं ने रामनगरी में ठहरने के इंतजाम शुरू कर दिए हैं। सात नवंबर को दीपोत्सव के मुख्य आयोजन के मद्देनजर होटल, गेस्ट हाउस और होम स्टे के करीब 90 प्रतिशत कमरे बुक हो चुके हैं।
कई प्रतिष्ठानों में तो चार से आठ नवंबर तक के सभी कमरे आरक्षित हैं, जबकि कुछ होम स्टे में दो से 10 नवंबर तक बुकिंग हो चुकी है। श्रद्धालुओं की बढ़ती आमद से पर्यटन कारोबारियों को दीपोत्सव पर अच्छे कारोबार की उम्मीद है।
अयोध्या धाम में 1500 से अधिक होटल, गेस्ट हाउस, होम स्टे और धर्मशालाएं उपलब्ध हैं। इससे बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए ठहरने के विकल्पों का दायरा बढ़ा है।
रामनगरी में दीपोत्सव की तैयारियों को अंतिम स्पर्श दिया जा रहा है। राम मंदिर में दर्शन, सरयू घाटों की जगमगाहट और सांस्कृतिक कार्यक्रमों को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने की संभावना है।
होटल में आठ नवंबर तक सभी कमरे बुक
सिविल लाइंस स्थित तिरुपति होटल में आठ नवंबर तक सभी कमरे बुक हैं। संचालक देव कपूर ने बताया कि उनके यहां 90 कमरे हैं, सभी की एडवांस बुकिंग हो चुकी हैं। नयाघाट के पास स्थित रामप्रस्थ होटल के मैनेजर लक्ष्मीकांत पांडेय ने बताया कि उनके होटल में चार से आठ नवंबर तक के सभी कमरे बुक हो चुके हैं।
रामपथ पर अमानीगंज में होमस्टे संचालित करने वाले अतुल तिवारी ने बताया कि नौ नवंबर तक बुकिंग हो चुकी है। अवध होम स्टे के संचालक अम्बरीश पांडेय के मुताबिक, उनके यहां दो से 10 नवंबर तक के सभी कमरे आरक्षित हो चुके हैं।
