अयोध्या दीपोत्सव के लिए राम की पैड़ी में सजेगी भव्य विजिटर गैलरी, 2367.60 लाख रुपये से हो रहा सौंदर्यीकरण
अयोध्या दीपोत्सव के लिए राम की पैड़ी पर भव्य विजिटर गैलरी और सेल्फी प्वाइंट विकसित किए जा रहे हैं। 2,367.60 ...और पढ़ें

अयोध्या दीपोत्सव के लिए राम की पैड़ी में सजेगी भव्य विजिटर गैलरी।
HighLights
राम की पैड़ी पर भव्य विजिटर गैलरी और सेल्फी प्वाइंट।
2,367.60 लाख रुपये से सौंदर्यीकरण, 30 अक्टूबर तक पूरा होगा।
त्रेतायुगीन अयोध्या दर्शाती डिजाइनर म्यूरल वाल भी आकर्षण।
जागरण संवाददाता, अयोध्या। दीपोत्सव में राम की पैड़ी पर आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को नया आकर्षण देखने को मिलेगा। यहां विकसित हो रही भव्य विजिटर गैलरी और सेल्फी प्वाइंट परिसर की सुंदरता बढ़ाने के साथ पर्यटकों को यादगार पल संजोने का अवसर देंगे।
परियोजना का कार्य तेजी से चल रहा है और 30 अक्टूबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। पर्यटन विभाग की महत्वाकांक्षी परियोजना को उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट्स कार्पोरेशन लिमिटेड क्रियान्वित कर रहा है।
2,367.60 लाख रुपये से विकसित हो रहीं आधुनिक सुविधाएं
सीएम योगी आदित्यनाथ के ड्रीम प्रोजेक्ट में शामिल अयोध्या को विश्वस्तरीय पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए लगातार प्रयास हो रहे हैं। रामलला के विग्रह की प्राण-प्रतिष्ठा के बाद पर्यटकों की संख्या में हुई अप्रत्याशित वृद्धि को देखते हुए धार्मिक स्थलों पर आधुनिक सुविधाओं के विकास को प्राथमिकता मिली है। 2,367.60 लाख रुपये की इस परियोजना के तहत दीपोत्सव स्थल पर सीढ़ियों का निर्माण कराया जा रहा है।

परिसर में रेड सैंड स्टोन की डिजाइनर फ्लोरिंग के साथ बड़े आकार के आकर्षक डिजाइनर कांच के दीये, सूर्य स्तंभ, डिजाइनर छतरियां, प्लांटेशन स्थल और बोलार्ड लाइट्स विकसित की जा रही हैं। प्रोजेक्ट मैनेजर मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि परियोजना का काम पूरा होने के साथ दीपोत्सव की तैयारियां भी अंतिम चरण में पहुंच रही हैं।
म्यूरल वाल पर दिखेगी त्रेतायुगीन अयोध्या की छटा
राम की पैड़ी में बनाई जा रही डिजाइनर म्यूरल वाल भी विशेष आकर्षण का केंद्र बनेगी। इस पर धार्मिक स्थलों, त्रेतायुगीन मंदिरों और दीपों के आकर्षक चित्र उकेरे गए हैं। दीपोत्सव में रोशनी से सजे परिसर में यह म्यूरल वाल श्रद्धालुओं और पर्यटकों को आकर्षित करेगी।
पारंपरिक धार्मिक विरासत और आधुनिक सुविधाओं का यह संगम राम की पैड़ी की सुंदरता को नया आयाम देने के साथ रामनगरी के पर्यटन अनुभव को यादगार बनाने में सहायक होगा।
यह भी पढ़ें- अयोध्या में स्थापित होगी छत्रपति शिवाजी महाराज की 17 फीट ऊंची प्रतिमा, 27 दिसंबर को होगा भव्य कार्यक्रम
