विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अयोध्या में ऐतिहासिक दीपोत्सव, 2100 स्वदेशी ड्रोन्स से 15 मिनट तक आसमान में दिखेगी भव्य रामायण

Published: Sat, 31 Oct 2026 08:14 PM (IST)

अयोध्या दीपोत्सव में इस बार 7 नवंबर को 2100 स्वदेशी ड्रोन से रामायण की गाथा को आसमान में जीवंत किया जाएगा।

दीपोत्सव में एरियल शो का विस्तार, तीन वर्षों में चार गुना हुए ड्रोन।

दीपोत्सव में एरियल शो का विस्तार, तीन वर्षों में चार गुना हुए ड्रोन।

HighLights

  1. दीपोत्सव की पूर्व संध्या पर 2100 ड्रोन का शो।

  2. आसमान में 15 मिनट तक दिखेगी रामायण की गाथा।

  3. नए फार्मेशन, संगीत और प्रकाश प्रभावों से यादगार अनुभव।

जागरण संवाददाता, अयोध्या। रामनगरी में दीपोत्सव की छटा इस बार केवल सरयू तट और सड़कों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि आसमान भी राममय नजर आएगा। सात नवंबर को दीपोत्सव की पूर्व संध्या पर 2100 स्वदेश निर्मित ड्रोन रोशनी के जरिए रामायण की गाथा को जीवंत करेंगे। करीब 15 मिनट तक चलने वाले इस एरियल शो में प्रभु श्रीराम, लक्ष्मण और हनुमान की वीर मुद्रा से लेकर रावण वध और पुष्पक विमान तक के प्रसंग आकाश में आकार लेते दिखाई देंगे।

दीपोत्सव में एरियल शो का विस्तार लगातार हुआ है। वर्ष 2024 में 500 ड्रोन से आसमान में आकृतियां उकेरी गई थीं। वर्ष 2025 में इनकी संख्या बढ़ाकर 1100 कर दी गई। अब दीपोत्सव-2026 में 2100 ड्रोन से रामायण के प्रसंगों को साकार किया जाएगा। नए फार्मेशन, संगीत, वायस ओवर और प्रकाश प्रभावों के जरिए इस बार का शो श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए अविस्मरणीय अनुभव बनेगा।

उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग की ओर से आयोजित होने वाले इस ड्रोन शो में इस बार नवीनता पर विशेष जोर दिया गया है। कम से कम 15 अलग-अलग ड्रोन फार्मेशन तैयार किए गए हैं, जिनमें आधे से अधिक पिछले वर्ष की प्रस्तुति से बिल्कुल अलग होंगे। अपर मुख्य सचिव पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य विभाग अमृत अभिजात ने बताया कि संगीत, वायस ओवर और संगीतमय नैरेशन के माध्यम से रामायण के प्रसंगों को दृश्य और श्रव्य रूप में प्रस्तुत किया जाएगा।

राम दरबार, राम मंदिर, महर्षि वाल्मीकि, गोस्वामी तुलसीदास और हनुमान के साथ दीपोत्सव की आकृतियां भी आसमान में उभरेंगी। पर्यटन व संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में दीपोत्सव को हर वर्ष नई भव्यता देने का प्रयास किया जा रहा है। तकनीक, संगीत और प्रकाश के समन्वय से शो को यादगार बनाने की तैयारी है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।