अयोध्या दीपोत्सव के लिए रामकथा पार्क में जर्मन हैंगर से सजेगा मंच, लता मंगेशकर चौराहे पर बनेगा प्रवेश द्वार
Ayodhya Deepotsav 2026: अयोध्या में 10वें दीपोत्सव की तैयारियां तेज हो गई हैं, जिसमें राम की पैड़ी पर लाइटिंग और ...और पढ़ें

रामकथा पार्क में जर्मन हैंगर से सजेगा मुख्य मंच।
HighLights
राम की पैड़ी पर लाइटिंग और घाटों का समतलीकरण।
रामकथा पार्क में जर्मन हैंगर से मुख्य मंच तैयार।
लता मंगेशकर चौराहे पर भव्य प्रवेश द्वार का निर्माण।
जागरण संवाददाता, अयोध्या। दीपोत्सव के 10वें संस्करण के लिए रामनगरी सजने लगी हैं। दीपोत्सव को भव्य और आकर्षक बनाने के लिए रामनगरी में तैयारियां तेज हो गई हैं। राम की पैड़ी पर टेंट, मंच और लाइटिंग का काम तेजी से चल रहा है। दीयों की सजावट और लेजर शो के लिए के लिए सोमवार से घाट पर पानी सुखाने के बाद ट्रैक्टर से समतलीकरण शुरू कर दिया गया है।
राम की पैड़ी के आसपास स्थित घरों और इमारतों पर लेजर लाइटें लगाई जा रही हैं। रात में इन लाइटों से पूरा घाट रोशनी से नहाएगा। लाइटिंग के 70 कारीगर लगे हैं। वहीं, रामकथा पार्क में जर्मन हैंगर लगाने का काम शुरू हो गया है। यहीं मुख्य मंच तैयार किया जाएगा, जहां देशभर से आने वाले कलाकार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। लता मंगेशकर चौराहे पर भव्य प्रवेश द्वार बनाने का काम भी शुरू हो गया है।
चौराहों को सजाने की तैयारी शुरू
दीपोत्सव के दौरान इसी द्वार से अतिथियों का स्वागत किया जाएगा। सरयू तट, साकेत महाविद्यालय और प्रमुख चौराहों को सजाने की तैयारी चल रही है। शहर को आकर्षक रूप देने के लिए नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग और पर्यटन विभाग की टीमें जुटी हैं।
डीएम शशांक त्रिपाठी ने अधिकारियों को सभी तैयारियां निर्धारित समय में पूरी करने के निर्देश दिए हैं। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस ने भी तैयारियां शुरू कर दी हैं। भीड़ प्रबंधन और प्रमुख आयोजन स्थलों पर सुरक्षा के इंतजाम किए जा रहे हैं।
एक नवंबर तक पहुंचेंगे दीये
दीपोत्सव के मुख्य आयोजन स्थल राम की पैड़ी पर एक नवंबर तक 33 लाख दीये पहुंचाने की योजना है। क्वीन हो मेमोरियल पार्क में 17.64 लाख दीये गोदाम में रखे गए हैं। तीन नवंबर से दीयों को घाटों पर सज्जित करने का कार्य स्वयंसेवक शुरू कर देंगे।
