विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मां कामाख्या के चरणों में समर्पित हुई 251 मीटर की चुनरी, भक्ति में सराबोर हुई रामनगरी

Published: Mon, 12 Oct 2026 08:32 PM (IST)

अयोध्या में हरिहरपुर से कामाख्या धाम तक 251 मीटर लंबी चुनरी यात्रा निकाली गई, जिसमें 50 हजार श्रद्धालु शामिल हुए। ...और पढ़ें

मां कामाख्या के चरणों में समर्पित हुई 251 मीटर की चुनरी।

मां कामाख्या के चरणों में समर्पित हुई 251 मीटर की चुनरी।

HighLights

  1. हरिहरपुर से कामाख्या धाम तक निकाली गई चुनरी यात्रा।

  2. 251 मीटर लंबी चुनरी मां कामाख्या को विधि-विधान से अर्पित।

  3. यात्रा में करीब 50 हजार श्रद्धालु हुए शामिल।

संवाद सूत्र, बाबाबाजार (अयोध्या)। हाथों में 251 मीटर लंबी चुनरी थामे और मां कामाख्या का जयकारा लगाते श्रद्धालु। पग-पग पर बुलडोजर से होती पुष्पवर्षा के बीच कामाख्या धाम की ओर बढ़ता श्रद्धालुओं का कारवां।

अगुवाई करते विधायक रामचंद्र यादव जब मां का जयकारा लगाते हैं तो श्रद्धालुओं का जोश दोगुणा हो जाता है। आस्था से अभिभूत महिलाओं के साथ आगे बढ़ती भक्तों की टोलियां मां के प्रति अपनी श्रद्धा और समर्पण व्यक्त कर रही थीं।

यह विहंगम दृश्य हरिहरपुर से मां कामाख्या धाम तक निकाली गई चुनरी यात्रा का रहा। इसमें करीब 50 हजार श्रद्धालु शामिल हुए। भक्ति और उल्लास से सराबोर इस यात्रा ने क्षेत्र को मां कामाख्या की भक्ति के रंग में रंग दिया।

हरिहरपुर स्थित हैजा माता मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद चुनरी यात्रा आरंभ हुई। सुनबा होते हुए श्रद्धालुओं का कारवां मां कामाख्या धाम पहुंचा। यहां विधि-विधान से 251 मीटर लंबी चुनरी मां कामाख्या देवी के चरणों में अर्पित की गई। चुनरी थामे महिलाओं के साथ पुरुष और बच्चे भी मां के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे।

चुनरी अर्पण को मां के प्रति श्रद्धा और समर्पण का प्रतीक बताते हुए विधायक रामचंद्र यादव ने कहा कि मां कामाख्या के प्रति भक्तों की आस्था ही इस आयोजन की सबसे बड़ी विशेषता है। ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में आपसी सद्भाव, एकजुटता और आध्यात्मिक चेतना को मजबूत करते हैं।

यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए नगर पंचायत की ओर से मार्ग में 10 स्थानों पर पेयजल की व्यवस्था की गई थी। पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए। सीओ अरविंद सोनकर खुद तीन प्रभारी निरीक्षकों के साथ सुरक्षा व्यवस्था संभालते दिखे।

नगर पंचायत अध्यक्ष शीतला प्रसाद शुक्ला, भाजपा जिला उपाध्यक्ष कृष्णकुमार उर्फ खुन्नू पांडेय, जिला मंत्री तेज तिवारी, करुणाकर पांडेय, सुमन पासवान, सियाराम रावत, विकास मिश्र, पवन सिंह, दिनेश यादव, आलोक यादव सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल रहे।

यह भी पढ़ें- बहराइच में 13781 किसानों के खातों में भेजी गई 7.84 करोड़ की धनराशि, फसल नुकसान पर मिला मुआवजा