विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मलेशिया में सुनी रामनगरी की महिमा, ऑस्ट्रेलिया से अयोध्या खिंचे चले आए शेन

Published: Sat, 07 Nov 2026 07:41 AM (GMT+05:30)

मलेशिया में दीपावली की तैयारियों से प्रेरित होकर ऑस्ट्रेलियाई पर्यटक शेन अयोध्या पहुंचे। उन्होंने रामनगरी की सकारात्मक ऊर्जा, दीपोत्सव की ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. शेन मलेशिया में दीपावली देख अयोध्या पहुंचे।

  2. अयोध्या की सकारात्मक ऊर्जा, दीपोत्सव से अभिभूत हुए।

  3. राम मंदिर निर्माण से अयोध्या वैश्विक पर्यटन केंद्र बनी।

जागरण संवाददाता, अयोध्या। रामनगरी के दीपोत्सव की गूंज सात समंदर पार तक पहुंच रही है। श्रीराम मंदिर की भव्यता और दीपोत्सव की वैश्विक ख्याति विदेशी पर्यटकों को अयोध्या की ओर आकर्षित कर रही है। इसी आकर्षण में आस्ट्रेलिया निवासी शेन भी रामनगरी पहुंचे हैं।

मलेशिया में भारतीय समुदाय के बीच दीपावली की तैयारियां देखने के बाद उनके मन में अयोध्या आने की इच्छा जागी। अब राम की पैड़ी पर बैठकर दीपोत्सव की तैयारियों और जगमगाती रामनगरी को निहार रहे शेन यहां के माहौल से अभिभूत हैं। उन्होंने कहा कि अयोध्या अद्भुत है। यहां सकारात्मक ऊर्जा महसूस होती है।

शेन भारत की आध्यात्मिक यात्रा पर निकले हैं। अयोध्या पहुंचने से पहले वह मलेशिया में थे। वहां भारतीय समुदाय के बीच दीपावली की तैयारियां देखकर उन्हें भारतीय संस्कृति और इस पर्व की विशेषता को करीब से जानने का अवसर मिला। अयोध्या के दीपोत्सव की चर्चा सुनी तो रामनगरी देखने का मन बना लिया। शेन बताते हैं कि उन्होंने अयोध्या के बारे में बहुत कुछ सुना था, लेकिन यहां आकर जो अनुभव मिला, वह उनकी कल्पना से भी बढ़कर है।

रामनगरी की सड़कों पर बिखरी रोशनी, जगमगाते चौक-चौराहे, एलईडी स्क्रीन और दीपों की सजावट शेन को आकर्षित कर रही है। लता मंगेशकर चौक की भव्य सजावट और विभिन्न स्थानों पर हो रही धार्मिक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां उन्हें खासा प्रभावित कर रही हैं। लोकनृत्य और भारतीय परंपराओं की विविध छटा देखकर वह प्रसन्न हैं। उनके लिए दीपोत्सव महज रोशनी का पर्व नहीं, बल्कि भारत की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को समझने का अवसर है।

शेन ने अयोध्या की सुंदरता के साथ यहां की सुरक्षा व्यवस्था की भी सराहना की। उनका कहना है कि ऑस्ट्रेलिया से आने के बाद भी उन्हें यहां किसी तरह की असहजता महसूस नहीं हुई। वह सोमवार तक अयोध्या में रुककर दीपोत्सव और दीपावली की भव्यता देखेंगे। इसके बाद वाराणसी के लिए रवाना होंगे।

यह भी पढ़ें- अयोध्या में संत बोले, योगी सरकार के प्रयासों ने दीपोत्सव को दिलाई वैश्विक पहचान


वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर स्थापित हो रही रामनगरी

राम मंदिर निर्माण के बाद अयोध्या की पहचान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तेजी से विस्तृत हुई है। मंदिर की भव्यता, विकसित होती आधारभूत सुविधाएं और दीपोत्सव की विश्वव्यापी ख्याति ने रामनगरी को विदेशी पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बनाया है। रामनगरी का आकर्षण अब देश की सीमाओं तक सीमित नहीं है। आस्था, संस्कृति और आधुनिक विकास के संगम के रूप में अयोध्या वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर अपनी नई पहचान बना रही है।

यह भी पढ़ें- 30 लाख दीपों से जगमग होगी रामनगरी, आज जीवंत होगा त्रेता का प्रसंग; उप राष्ट्रपति और CM योगी उतारेंगे राम-सीता की आरती

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।