पहली बार प्रसिद्ध रामलीला और दशहरे का LIVE प्रसारण करेगा आकाशवाणी अयोध्या, नोट कर लें डेट और टाइम
आकाशवाणी अयोध्या इस वर्ष पहली बार रामनगरी की प्रसिद्ध रामलीला और दशहरा उत्सव का सीधा प्रसारण करेगा।

ये तस्वीर एआई द्वारा जनरेट की गई है।
HighLights
आकाशवाणी अयोध्या पहली बार करेगा रामलीला और दशहरा का सीधा प्रसारण।
20 अक्टूबर को शाम 5-6 बजे होगा सजीव प्रसारण विभिन्न प्लेटफार्मों पर।
अयोध्या की सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक स्तर पर पहुंचाना मुख्य उद्देश्य।
जागरण संवाददाता, अयोध्या। आकाशवाणी अयोध्या इस वर्ष पहली बार रामनगरी की प्रसिद्ध रामलीला और दशहरा उत्सव का विशेष सीधा प्रसारण भी करने जा रहा है।
गत 20 सितंबर को प्रसिद्ध सूर्यकुंड मेले के सफल प्रसारण के बाद यह निर्णय लिया गया है। कार्यक्रम प्रमुख आशीष चतुर्वेदी ने बताया कि प्रसार भारती के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव द्विवेदी के निर्देशन में यह विशेष प्रसारण 20 अक्टूबर को शाम पांच बजे से शाम छह बजे तक किया जाएगा।
भगवान श्रीराम की जन्मभूमि होने के कारण रामनगरी का धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्व है। यहां की परंपराओं और लोककलाओं को वैश्विक श्रोताओं तक पहुंचाना गर्व का विषय है।
बताया कि यह सजीव प्रसारण पारंपरिक रेडियो के अलावा न्यूज़ आन एआइआर एप और वेब्स ओटीटी पर भी सुना जा सकेगा। प्रसारण के लिए आकाशवाणी की टीम विभिन्न स्थानों से जुड़कर सीधा कवरेज करेगी।
चतुर्वेदी ने बताया कि इस आयोजन में जिला प्रशासन का पूर्ण सहयोग प्राप्त हो रहा है। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी के सहयोग से इस पहल को और व्यापक स्वरूप दिया जा रहा है।
आकाशवाणी अयोध्या ने प्रसार भारती के अपर महानिदेशक (मध्य क्षेत्र) प्रकाश वीर त्यागी और केेंद्राध्यक्ष कमलेश कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन व सहयोग के प्रति भी आभार व्यक्त किया और कहा कि यह प्रयास अयोध्या की सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं को अत्याधुनिक प्रसारण माध्यमों से दुनिया भर में पहुंचाने की दिशा में बड़ा कदम साबित होगा।
