विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

राम मंदिर के चढ़ावे से 2 क्विंटल चांदी की 200 ईंटें गायब, सिंधी समाज ने ट्रस्ट पर लगाया रसीद न देने का आरोप

Published: Wed, 24 Jun 2026 08:29 PM (IST)

अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावा चोरी की जांच के बीच अब सिंधी समाज द्वारा दान की गई 200 चांदी की ईंटें लापता होने का आरोप लगा है।

अयोध्या राम मंदिर। जागरण

अयोध्या राम मंदिर। जागरण

HighLights

  1. सिंधी समाज ने राम मंदिर को 200 चांदी की ईंटें दान की थीं।

  2. विश्व सिंधी सेवा संगम अध्यक्ष ने लापता होने का आरोप लगाया।

  3. 2021 में दान की गई ईंटों की कोई रसीद नहीं मिली।

जागरण संवाददाता, अयोध्या। राम मंदिर के चढ़ावा चोरी मामले की एसआईटी जांच के बीच ही रामलला को दान में दिए गए आभूषणों के भी लापता होने के नित-नए मामले सामने आ रहे हैं। इसी क्रम में अब विश्व सिंधी सेवा संगम के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष राजू मनवानी ने भी मीडिया में सामने आकर दान में दी गईं चांदी की 200 ईंटों के लापता होने का आरोप लगाया है।

उनका कहना है कि सिंधी समाज की ओर से श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपतराय को कारसेवकपुरम में चांदी की ईंटें सौंपी गई थीं। उस समय उसकी न कोई रसीद दी गई, न ही उसकी उपयोगिता के संबंध में कोई स्पष्ट प्रमाण दिया गया।

 

पूरे देश के सिंधी समाज ने दिया था अपना योगदान

मुंबई के रहने वाले राजू मनवानी ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट से निर्णय आने के बाद मंदिर निर्माण में प्रयोग करने के लिए सिंधी समाज ने ट्रस्ट को चांदी की ईंटें दी थीं। इसमें लगभग 12 देशों सहित पूरे देश के सिंधी समाज ने अपना योगदान दिया था।

समाज के करीब डेढ़ सौ प्रतिनिधियों ने 26 जनवरी 2021 को अयोध्या पहुंच कर ट्रस्ट के महासचिव चंपतराय को कारसेवकपुरम में 200 ईंटें सौंपी थीं। चांदी की प्रत्येक ईंट का वजन लगभग एक-एक किलोग्राम रहा। इसके बाद उन्हें न तो कोई रसीद दी गई, न ही उसके उपयाेग के बारे में कोई साक्ष्य दिया गया। अब जबकि चढ़ावा में चोरी का प्रकरण उजागर हुआ तो उन्हें संदेह है कि सिंधी समाज की चांदी की ईंटें भी गायब कर दी गई हैं।

यह भी पढ़ें- राम मंदिर चढ़ावा चोरी की एसआईटी जांच में लापरवाही साबित होने के बाद भी नहीं हटाए गए कर्मी, उठ रहे हैं सवाल