विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूपी में विक्रमशिला एक्सप्रेस से गिरा यात्री तो मालगाड़ी बनी सहारा, गार्ड ने ब्रेकवान में बैठाकर बचाया

Published: Wed, 14 Oct 2026 11:09 AM (IST)

विक्रमशिला एक्सप्रेस से अछल्दा के पास एक यात्री नीचे गिर गया, जिसे डीएफसीसी लाइन पर जा रही मालगाड़ी के गार्ड ने बचा लिया।

ये तस्वीर AI द्वारा जनरेट की गई है।

ये तस्वीर AI द्वारा जनरेट की गई है।

HighLights

  1. विक्रमशिला एक्सप्रेस से अछल्दा के पास गिरा यात्री।

  2. मालगाड़ी के गार्ड रजनीश कुमार ने ब्रेकवान में बैठाकर बचाया।

  3. जनरल कोच में भीड़भाड़ से सफर का खतरा उजागर।

जागरण संवाददाता, औरैया। ट्रेन में भीड़ और लापरवाही कभी-कभी जान पर भारी पड़ सकती है। ऐसा ही एक मामला मंगलवार को सामने आया, जब विक्रमशिला एक्सप्रेस में जनरल कोच के गेट के पास बैठा एक यात्री अछल्दा स्टेशन के आगे वीरपुर गांव के पास नीचे गिर गया।

गनीमत रही कि उसे डीएफसीसी लाइन पर गुजर रही मालगाड़ी के गार्ड ने देख लिया। इसके बाद मालगाड़ी का ब्रेकवान ही यात्री के लिए सहारा बन गया।

गाड़ी संख्या 12368 विक्रमशिला एक्सप्रेस में सफर कर रहा राजीव पटेल निवासी वैशाली, बिहार जनरल कोच में पीछे से चौथे डिब्बे के गेट के पास बैठा था। यात्री के मुताबिक, अछल्दा स्टेशन निकलने के बाद ट्रेन धीमी गति से चल रही थी। इसी दौरान कोच में अत्यधिक भीड़ होने के कारण वह नीचे गिर गया। हादसे में उसे हल्की चोटें आईं।

इसके बाद राजीव डीएफसीसी लाइन पर चल रही बीसीएससी मालगाड़ी के गार्ड रजनीश कुमार के पास पहुंचा और अपनी आपबीती बताई। गार्ड ने उसे ब्रेकवान में बैठा लिया और मैथा स्टेशन के पास उतार दिया। यात्री ने बताया कि उसे कानपुर सेंट्रल जाना था। मैथा स्टेशन से वह ट्रेन संख्या 64604 पकड़कर कानपुर के लिए रवाना हो गया।

बैग ट्रेन में छूटा, यात्री ने नहीं मांगा उपचार

राजीव ने बताया कि उसके पास कानपुर तक का जनरल टिकट था। हादसे के बाद उसे चलने-फिरने में परेशानी नहीं थी, इसलिए उसने तत्काल उपचार कराने से इनकार कर दिया और कानपुर पहुंचकर इलाज कराने की बात कही। हालांकि, उसका काले रंग का बैग विक्रमशिला एक्सप्रेस में ही छूट गया, जिसमें पुराने कपड़े, चार्जर, घड़ी और स्मार्ट कार्ड रखा था।

C-303-1-KAN1032-445183

सूचना मिलने पर आरपीएफ के देवेंद्र गुर्जर और जितेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक यात्री मालगाड़ी से उतरकर आगे जा चुका था। इस घटना ने एक बार फिर जनरल कोच में भीड़ और गेट के पास बैठकर सफर करने के खतरे को उजागर किया है।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर से चलेंगी कई पूजा स्पेशल ट्रेनें, मुंबई-नागपुर यात्रियों को मिलेगी राहत