यूपी में बढ़ेगा स्वदेशी गोवंशियों का कुनबा, डेयरी सेक्टर में निवेश बढ़ाने को जुटेंगे उद्यमी-इन्वेस्टर और पशुपालक
प्रदेश में स्वदेशी गोवंशीय को बढ़ावा देने और डेयरी क्षेत्र में निवेश आकर्षित करने के लिए 11 सितंबर को झांसी में 'डेयरी कॉन्क्लेव-स्वर्णिम दुग्धामृत संवाद समागम' आयोजित होगा।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
HighLights
11 सितंबर को झांसी में 'डेयरी कॉन्क्लेव' का आयोजन।
स्वदेशी गोवंशीय को बढ़ावा, डेयरी क्षेत्र में निवेश आकर्षित करना मुख्य लक्ष्य।
कानपुर, झांसी, चित्रकूट मंडल के पशुपालक, उद्यमी होंगे शामिल।
संवाद सहयोगी, ककोर। प्रदेश में उन्नत स्वदेशी गोवंशीय को बढ़ावा देने और डेयरी क्षेत्र में निवेश आकर्षित करने के उद्देश्य से 11 सितंबर को झांसी में ‘डेयरी कॉन्क्लेव-स्वर्णिम दुग्धामृत संवाद समागम’ का आयोजन किया जाएगा। इसमें कानपुर, झांसी और चित्रकूट धाम मंडल के पशुपालक, दुग्ध उत्पादक, उद्यमी और निवेशक शामिल होंगे।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा. बीएस विकल ने बताया कि प्रदेश सरकार की ओर से नंद बाबा दुग्ध मिशन, उत्तर प्रदेश दुग्धशाला विकास एवं दुग्ध उत्पाद प्रोत्साहन नीति के प्रचार-प्रसार तथा डेयरी सेक्टर में पूंजी निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए मंडलवार कार्यशालाएं आयोजित की जा रही हैं।
दुग्ध उत्पाद और नवाचारों का होगा प्रदर्शन
इसी क्रम में 11 सितंबर को दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम, रानी लक्ष्मीबाई पार्क, झांसी में कार्यक्रम होगा। तीनों मंडलों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे। कान्क्लेव में विभागीय योजनाओं की जानकारी, उत्कृष्ट पशुपालकों व निवेशकों के अनुभव, निजी कंपनियों के स्टॉल पर दुग्ध उत्पाद और नवाचारों का प्रदर्शन किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- चित्रकूट में गोवंशों की हालत देख फूटा प्रमुख सचिव का गुस्सा, अधिकारियों को अलग-अलग वार्ड बनाने के दिए निर्देश
साथ ही नवीनतम डेयरी तकनीक, स्वदेशी नस्ल के गोपालन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने पर विशेषज्ञ विचार साझा करेंगे। कार्यक्रम का यूट्यूब के माध्यम से सीधा प्रसारण भी किया जाएगा।
