दो साल बाद फिर थामा एक दूजे का हाथ
संवादसूत्र अछल्दा कस्बे के स्टेशन बाजार स्थित गेस्ट हाउस में बुधवार को महिला सामाख्या की ओर
संवादसूत्र, अछल्दा: कस्बे के स्टेशन बाजार स्थित गेस्ट हाउस में बुधवार को महिला सामाख्या की ओर से सुलह समझौते कराए गए। इसमें दो साल से अलग रह रहे पति पत्नी ने गिला शिकवा भुलाकर फिर से एक दूसरे का हाथ थाम लिया।
थाना क्षेत्र के ग्राम महाराजपुर (गुनोली) निवासी अशोक कुमार की पुत्री प्रियंका के पति सन्दीप कुमार निवासी ग्राम निमली हरियाणा के बीच दो वर्षों से आपसी विवाद चल रहा था। उक्त मामला महिला सामाख्या के बीच पहुंचने पर दो बार काउंसिलिग हुई। बुधवार को तीसरी बार केंद्र की तरफ से पति संदीप को हरियाणा से बुलवाकर महिला सामाख्या की जिला समन्वयक विनीता त्रिपाठी, काउंसलर आकांक्षा श्रीवास्तव, शीतला, संध्या एवं थाने के एसआई लाल बहादुर यादव समेत अन्य पुलिस स्टाफ की मौजूदगी में मामले की सुनवाई हुई। दोनों को अपनी गलती का एहसास कराया गया। जिसके बाद दोनों ने पुराने गिले शिकवे भुला दिए और साथ रहने को राजी हो गए। दोनों ने एक दूसरे का हाथ थामकर फिर से जीने मरने की कसमें खाई। इसके बाद मिठाई बांटी गई। दोनों परिजनों के साथ खुशी खुशी घर चले गए।