ओवरलोड वाहनों के आवागमन से परेशान कस्बावासी
संवाद सूत्र कंचौसी कस्बे से रोजाना निकलने वाले सैकड़ो ट्रक व डंपर लोगों की परेशानियां ब
संवाद सूत्र, कंचौसी : कस्बे से रोजाना निकलने वाले सैकड़ो ट्रक व डंपर लोगों की परेशानियां बढ़ा रहे हैं। घंटों लगने वाले जाम से आए दिन आवागमन ठप हो जाता है।
सड़क के किनारे बने मकानों में उड़ने वाली धूल लोगों का जीना हराम किए हुए है। मिट्टी की वजह से एलर्जी जैसी बीमारियों का शिकार हो रहे हैं।
कस्बा से लहरापुर, किशोरा मार्ग, झींझक तक जाने वाला मार्ग क्षतिग्रस्त है। करोड़ो रुपये की लागत से बनी सड़कें ओवरलोड ट्रक व डंपरों की वजह से गड्ढायुक्त हो गए हैं। इनमें फंसे वाहन घंटों आवागमन बाधित कर रहे हैं। जाम से लोगों का सड़कों पर चलना मुश्किल हो जाता है। उड़ने वाली धूल से सड़क के किनारे बने मकानों में रहने वाले एलर्जी आदि कई बीमारियों से ग्रसित हैं। घरों में रहकर भी पूरे दिन मॉस्क रूमाल आदि से बचाव करने में जुटे हुए हैं। दुपहिया वाहन सवार भी आए दिन परेशान होते रहते हैं। प्रशासन द्वारा तैनात ट्रैफिक पुलिस व्यवस्था नहीं कर पा रही है। गड्ढायुक्त सड़क पर तेज गति से निकलने वाले ट्रकों से वातावरण पूरे दिन धूल से आच्छादित रहता है। प्रशासन से कई बार बड़े वाहनों का आवागमन बंद करने की मांग कस्बावासियों ने की। लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।