बेटे से कहा- अब नहीं देख पाओगे मेरा मुंह... कुछ देर बाद ट्रेन की चपेट में आने से सफाईकर्मी की मौत
औरैया में डेडिकेटेड फ्रेट कारिडोर रेल लाइन पर मालगाड़ी की चपेट में आने से एक सफाईकर्मी विनोद कुमार वाल्मीकि की मौत हो गई।

प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
औरैया में डीएफसी रेल लाइन पर हादसा हुआ।
मालगाड़ी की चपेट में आने से सफाईकर्मी की मौत।
पुलिस को शुरुआती जांच में आत्महत्या की आशंका है।
जागरण संवाददाता, औरैया। थाना क्षेत्र में बुधवार देर शाम डेडिकेटेड फ्रेट कारिडोर (डीएफसी) रेल लाइन पर मालगाड़ी की चपेट में आने से एक सफाईकर्मी की मौत हो गई। मृतक की पहचान जालौन जनपद के रामपुर थाना क्षेत्र के उमरी गांव निवासी 45 वर्षीय विनोद कुमार वाल्मीकि के रूप में हुई है।
वह वर्तमान में दिबियापुर थाना क्षेत्र के लखनपुर गांव में किराये पर रहकर नगर पंचायत में ठेके पर सफाई कार्य करते थे।
विनोद दीपावली का त्योहार मनाने अपने घर गए थे। बुधवार देर शाम वह वापस लौटे थे। घटना के संबंध में कस्बा इंचार्ज अरुण कुमार ने बताया कि विनोद के बेटे देव कुमार ने पुलिस को जानकारी दी कि रास्ते में औरैया रोड पर उसकी मुलाकात पिता से हुई थी।
इस दौरान विनोद ने उसे घर की चाबी देते हुए कहा था कि अब वह उनका मुंह नहीं देख पाएगा। इसके बाद वह वहां से चले गए। कुछ देर बाद डीएफसी लाइन पर मालगाड़ी की चपेट में आने से विनोद की मौत हो गई। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। विनोद के परिवार में पत्नी गुड्डी देवी, बेटे छेदालाल, देव कुमार, अनुज और प्रिंस तथा बेटी लकी हैं। बेटी की अभी शादी नहीं हुई है।