सिकरोड़ी के रास्ते इटावा व ग्वालियर जाने वाले मार्ग बंद
खतरे के निशान से ऊपर पानी हो जाने से यमुना उफान की ओर है।
सिकरोड़ी के रास्ते इटावा व ग्वालियर जाने वाले मार्ग बंद
संवाद सहयोगी, अजीतमल: खतरे के निशान से ऊपर पानी हो जाने से यमुना उफान की ओर है। 20 से ज्यादा गांवों में पानी आ जाने के साथ ही सिकरोड़ी के रास्ते इटावा, पचनद और ग्वालिय मध्य प्रदेश की ओर जाने वाला मार्ग बाधित हो गया है। प्रशासन ने सावधानी बरतते हुए वाहनों का आवागमन रोका। वैकल्पिक मार्ग राष्ट्रीय राजमार्ग-19 कानपुर इटावा हाईवे की जानकारी चालकों को दी जा रही है। इसके अलावा तहसील अजीतमल और औरैया सदर की टीम को निगरानी रखने के लिए प्रभावित क्षेत्रों में लगा दिया गया है।
मंगलवार की रात से यमुना नदी में पानी बढ़ना शुरू हुआ था। जिलाधिकारी प्रकाश चन्द्र श्रीवास्तव ने बदलते हालत को देखते हुए प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक की। निर्देश दिए कि ग्रामीणों को हर हाल में सुरक्षित किया जाए। वर्ष 2016 व 2021 में बाढ़ से कई गांव प्रभावित हुए थे। आबादी वाले गांवों की संख्या 15 रही थी। फिर से वही तस्वीर बनती नजर आ रही है। इसलिए पहले से ही सतर्क होना और लोगों को सही सलामत बाहर निकालना जरूरी है। कोई जनहानि नहीं होनी चाहिए। बीहड़ क्षेत्रों के परिषदीय स्कूलों में कंट्रोल रूम बना दिया गया है। जहां पर तैनात कर्मचारियों से हर पल की रिपोर्ट ली जा रही है।