गेहूं किसानों के लिए आफत बनी बारिश
जागरण संवाददाता, औरैया : बेमौसम हुई बारिश के कारण जनपद के करीब पांच सौ किसान तबाह
जागरण संवाददाता, औरैया :
बेमौसम हुई बारिश के कारण जनपद के करीब पांच सौ किसान तबाह हो गए हैं। शुक्रवार रात को बारिश के साथ ओले पड़े थे। शनिवार रात को भी तेज हवा चलने के साथ बारिश हुई व जनपद में कई स्थानों पर ओले गिरे। इससे किसानों की मुसीबत और अधिक बढ़ गई है। सबसे ज्यादा नुकसान गेहूं, सरसों व आम की फसल को हुआ है। इन फसलों को बोने वाले किसान अपने खेतों को देख कर अपनी किस्मत को कोस रहे हैं।
बीते शुक्रवार की रात अचानक हुई बारिश के साथ तेज हवाएं चली व ओलावृष्टि भी हुई। इससे सैकड़ों किसानों की फसल बुरी तरह तबाह हो गई। अभी किसान यह दर्द भूल भी नहीं पाए थे कि शनिवार रात फिर से तेज हवाएं चलने के साथ बारिश व ओलावृष्टि हुई। शुक्रवार व शनिवार दोनों दिन मिला कर करीब चार एमएम बारिश हुई। खेतों में खड़ी गेहूं की फसल और अधिक तबाह हो गई। बारिश व ओलावृष्टि के साथ तेज हवाएं चलने से किसानों का ज्यादा नुकसान हुआ। उनकी खेतों में खड़ी सरसों, गेहूं की फसल नीचे गिर पड़ी। इसके अलावा आम की फसल को भी खासा नुकसान हुआ है। आम के पेड़ों पर लगे छोटे -छोटे फल टूट कर भारी मात्रा में जमीन पर बिछ गए साथ ही आम की बौर भी भारी मात्रा में टूटी। इससे आम की बागवानी करने वालों को भी नुकसान उठाना पड़ा है। सरकारी आंकड़े तो जनपद किसी भी किसान का नुकसान होना नहीं बता रहे हैं। लेकिन शनिवार को आई आंधी, पानी व ओलावृष्टि से भाग्यनगर विकास खंड क्षेत्र व रविवार को आई आंधी, पानी व ओलावृष्टि से सदर विकास खंड क्षेत्र के किसानों को काफी नुकसान हुआ। क्षेत्र के लोगों की मानें तो करीब पांच सैकड़ा से अधिक किसान इस आंधी बारिश व ओलावृष्टि से हुए नुकसान की चपेट में आया है। अरहर की खेती करने
वाले किसान भी परेशान
इस समय किसान गेहूं व सरसों के साथ अरहर की कटाई भी कर रहा है। जनपद के कई गांवों में अरहर अभी तक खेतों में खड़ी है। बारिश होने से अरहर की फसल को भी नुकसान हुआ है। गेहूं, सरसों, अरहर व आम सहित कई फसलें चौपट हो गई है। इसके चलते पांच सौ से अधिक किसान पूरी तरह तबाह हो चुके हैं। उन्होंने शासन -प्रशासन से आर्थिक मदद की गुहार लगाई है। सरकारी आंकड़ों में
नहीं हुआ नुकसान
बारिश होने के बाद उप कृषि निदेशक विजय कुमार ने दो टीमें बनाकर सातों ब्लाकों के गांवों का निरीक्षण किया और फसल नुकसान की स्थली हकीकत परखी। एक टीम के नेतृत्व उन्होंने स्वयं किया तथा दूसरी टीम का नेतृत्व अपर जिलाधिकारी सुबोध पांडेय ने किया। रविवार शाम तक उनके कार्यालय में पूरे जनपद की रिपोर्ट आ गई। उन्होंने बताया कि दोनों दिन मिलाकर बमुश्किल करीब चार एमएम बारिश हुई है। कम बारिश होने के कारण जनपद में किसी भी फसल को कोई नुकसान नहीं हुआ है। इस संबंध में रिपोर्ट शासन को भेज दी गई है। यदि किसानों का कहीं नुकसान होता है तो वह टोल फ्री नंबर 18001232310 पर जानकारी दे सकते हैं।