प्रसपा के महासचिव आदित्य ने संभाली यात्रा की कमान
जासं औरैया उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 को लेकर राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो च
जासं, औरैया: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 को लेकर राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो चली है। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी-लोहिया के अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव के नेतृत्व में मथुरा से
शुरू हुई 'सामाजिक परिवर्तन यात्रा' को लेकर समर्थकों व पार्टी में उत्साह है। गुरुवार को बकेवर इटावा के बाद शिवपाल के पुत्र पार्टी के महासचिव आदित्य यादव ने यात्रा की कमान संभाली। दोपहर दो बजे का कार्य पूर्व प्रस्तावित था लेकिन शाम करीब साढ़े छह बजे अनंतराम टोल प्लाजा पर यात्रा पहुंची। जहां समर्थकों व पार्टी के अन्य पदाधिकारियों ने जोशीला स्वागत किया। इसके अलावा अन्य जगहों पर भी स्वागत में कोई कसर नहीं रखी गई।
सामाजिक परिवर्तन यात्रा के स्वागत में खड़े समर्थकों में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर प्रसपा लोहिया के महासचिव आदित्य यादव ने जोश भरा। कहा कि पार्टी 2022 में सरकार बनाएगी। कोई कसर न छोड़ी जाए। वर्तमान सरकार को जनता समझ चुकी है। आदित्य ने कहा कि महंगाई चरम पर है। किसान हक के लिए लड़ रहे। कानून व्यवस्था, रोजगार कितना मिला, यह सब को पता है। फिलहाल, सरकार बनाने के लिए पार्टी ने कमर कस ली है। लोगों के बीच पहुंचने के लिए पार्टी के कार्यकर्ताओं व समर्थकों से कहा कि ज्यादा से ज्यादा क्षेत्रों में जाकर भ्रमण किया जाए। वहीं पार्टी की नीतियों को बताया जाए। अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के अनंतराम टोल प्लाजा से यात्रा बाबरपुर, भीखेपुर, मुरादगंज, चिरूहली होते हुए शहर में मंडी गेट से यात्रा प्रवेश की। इसके बाद औरैया के सुभाष चौक पर रात करीब साढ़े आठ बजे यात्रा पहुंची। आदित्य ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस के प्रतिमा पर माल्यार्पण कर समर्थकों को संबोधित किया। जिलाध्यक्ष योगेंद्र सिंह यादव, शंभू दयाल दोहरे, अनूप गुप्ता, अंकुर यादव सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। वहीं, सुरक्षा व सड़क यातायात के मद्देनजर पुलिस अलर्ट मोड पर रही।