विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

क्लोन एक्सप्रेस में यात्री की तबीयत बिगड़ी, अछल्दा स्टेशन पर रोकी गई ट्रेन...चिकित्सक पहुंचे फिर भी न बच सकी जान

By JitendraEdited By: Anurag Shukla
Published: Sat, 31 Jan 2026 03:12 PM (IST)

बरौनी-नई दिल्ली क्लोन एक्सप्रेस के एक यात्री दस्तगीर की औरैया के अछल्दा स्टेशन पर तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. बरौनी-नई दिल्ली क्लोन एक्सप्रेस में यात्री की तबीयत बिगड़ी।

  2. अछल्दा स्टेशन पर ट्रेन रोकी गई, यात्री को मृत घोषित किया।

  3. चिकित्सक ने हृदयाघात से मौत की आशंका जताई, पत्नी ने इनकार किया।

जागरण संवाददाता, औरैया। बरौनी जंक्शन से नई दिल्ली जा रही गाड़ी संख्या 02563 स्पेशल फेयर क्लोन एक्सप्रेस के एसी कोच बी-1 में यात्रा कर रहे एक यात्री की तबीयत बिगड़ गई। सूचना पर शनिवार सुबह 9.08 बजे ट्रेन को अछल्दा रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या तीन पर रोका गया। कोच से उतारकर यात्री को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।

करीब 52 वर्षीय दस्तगीर पुत्र अब्दुल अजीज, निवासी वार्ड 11 हयातपुर संकरपुर, भरवारा, सिंघबारा, जिला दरभंगा (बिहार), अपनी पत्नी बिलकिस के साथ उपचार के लिए नई दिल्ली के उत्तमनगर जा रहे थे। वे मुजफ्फरपुर जंक्शन से ट्रेन में सवार हुए थे। दिल्ली में वे साड़ियों में ज़री लगाने का कार्य करते थे और वहीं किराए का कमरा लेकर रहते थे, जहां उनके अन्य परिजन भी रहते हैं।

यात्रा के दौरान दस्तगीर ने पत्नी से लघुशंका जाने की बात कही। जैसे ही वे बाथरूम का गेट खोल रहे थे, तभी उनकी तबीयत बिगड़ गई और वे गिर पड़े। हालत गंभीर होने पर पत्नी व अन्य यात्रियों ने रेलवे हेल्पलाइन 139 पर सूचना दी। टूंडला कंट्रोल के निर्देश पर स्टेशन मास्टर द्वारा ट्रेन को अछल्दा स्टेशन पर रुकवाया गया। पहले से ही एंबुलेंस बुला ली गई थी।

रेलवे कर्मियों एवं रेलवे चौकी के हेड कांस्टेबल राम प्रीत व सतेंद्र सिंह की मदद से यात्री को एंबुलेंस द्वारा सीएचसी पहुंचाया गया, जहां डा. गौरव कुमार ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। इसके बाद थाना पुलिस को सूचना दी गई। थाना प्रभारी पंकज मिश्रा मौके पर पहुंचे और पत्नी से जानकारी ली।

पत्नी ने पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया है। घटना के बाद पत्नी बेसुध हो गई। चिकित्सक डा. गौरव कुमार के अनुसार यात्री की नाक से खून आ रहा था, प्रथम दृष्टया ह्दयाघात (अटैक) से मौत होना प्रतीत हो रहा है।

नई दिल्ली स्पेशल फेयर क्लोन स्पेशल

यात्रियों की अधिक भीड़ व प्रतीक्षा सूची को कम करने के लिए मुख्य लोकप्रिय ट्रेनों की हूबहू नकल के रूप में चलाई जाने वाली विशेष ट्रेनें हैं। ये ट्रेनें मुख्य ट्रेन के समान रूट। समान किराया लेती हैं, लेकिन कम स्टापेज के साथ तेज चलती हैं, जो वेटिंग लिस्ट वाले यात्रियों को राहत प्रदान करती हैं।