ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के चक्कर में क्रय केंद्रों पर घटी धान खरीद
जागरण संवाददाता औरैया जनपद के एक नंवबर से शुरू हुई धान खरीद रफ्तार पकड़ती नजर नही
जागरण संवाददाता, औरैया : जनपद के एक नंवबर से शुरू हुई धान खरीद रफ्तार पकड़ती नजर नहीं आ रही है। अभी तक मात्र 4,194 क्विटल धान की खरीद हो सकी है। शासन की ओर से 40 हजार मीट्रिक टन लक्ष्य का निर्धारण किया गया है। एक पखवाड़ा बीतने के बाद नाममात्र की ही खरीद हुई है। वहीं करीब साढ़े तीन हजार किसानों ने रजिस्ट्रेशन कराए हैं।
अगर ऐसे ही धान खरीद की रफ्तार चलती रही तो निर्धारित समय में आधी भी खरीद नहीं हो सकेगी। शासन की ओर से निर्धारित किया गया लक्ष्य काफी बड़ा है। जहां एक ओर सरकारी क्रय केंद्रों पर सन्नाटा पसरा हुआ है, वहीं दूसरी ओर प्राइवेट आढ़तों में जमकर धान की ब्रिकी की जा रही है। जमौली निवासी किसान शिवम ने बताया कि उन्होंने एक माह पहले रजिस्ट्रेशन के लिए आवेदन किया था। अभी तक रजिस्ट्रेशन न हो पाने से उन्हें खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। रुपयों की जरूरत होने के कारण उन्होंने प्राइवेट धान खरीद पर ही अपना धान बेंच दिया। वहीं किसान रामहेत ने बताया कि सरकारी क्रय केंद्र पर नमी के अलावा अन्य झंझट होते हैं, बगैर किसी परेशानी के प्राइवेट आढ़तों पर धान खरीद लिया जाता है। रुपयों की सख्त जरुरत होने के कारण वह प्राइवेट आढ़त पर धान बेचना ही मुनासिब समझते हैं। दो-तीन क्रय केंद्र ऐसे हैं, जहां पर अभी तक खाता तक नहीं खुल सका है। गुरुवार को जिला खाद विपणन अधिकारी सुधांशु शेखर चौबे ने याकूबपुर मंडी, बेला, बिधूना मार्केटिग व नेफेड के क्रय केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रभारियों को खरीद में तेजी लाए जाने के निर्देश दिए। अन्यथा की स्थिति में कार्रवाई की बात कही है। उन्होंने कहा कि सभी प्रभारी किसानों से संपर्क कर अधिक से अधिक संख्या में रजिस्ट्रेशन कराए।