दस वर्ष बाद अस्पताल में किया गया आपरेशन,जच्चा-बच्चा स्वस्थ
जागरण संवाददाता औरैया 50 शैय्या युक्त जिला संयुक्त चिकित्सालय में शुक्रवार को कई वर्ष बाद अ
जागरण संवाददाता, औरैया : 50 शैय्या युक्त जिला संयुक्त चिकित्सालय में शुक्रवार को कई वर्ष बाद ऑपरेशन से बच्चा होने पर अस्पताल प्रशासन में खुशी का माहौल है। सर्जन डॉक्टर की कमी के चलते यहां ऑपरेशन नहीं हो पा रहे थे। जिसके चलते गर्भवती महिलाओं को इटावा, सैफई व कानपुर जाना पड़ता था। करीब दस वर्ष बाद ऑपरेशन प्रक्रिया शुरू होने पर जनता की लोगों ने खुशी जताई। वहीं सीएमएस ने सफल ऑपरेशन के लिए चिकित्सकों का आभार व्यक्त किया है। कुलमिलाकर स्थानीय लोग अब इस सुविधा से बेहद प्रसन्न हैं।
सदर विकासखंड के ग्राम कखावतू निवासी 26 वर्षीय अंजलि पत्नी सोनू कुशवाहा प्रसव पीड़ा के चलते शुक्रवार की सुबह 50 शैय्या युक्त जिला संयुक्त चिकित्सालय में आशा ज्योत्सना कुशवाहा ने भर्ती कराया। जहां पर उसकी नार्मल डिलीवरी नहीं हो सकी। इसी के चलते डॉक्टरों की टीम जिसमें लेडी सर्जन डॉ. नवनीत दुबे, डॉ. विनय शेखर, डॉ. प्रशांत व डॉ. शत्रुघ्न के सहयोग से गर्भवती महिला का दोपहर में ऑपरेशन किया गया। सफल ऑपरेशन के साथ महिला ने नवजात बालक को जन्म दिया। ऑपरेशन सफल होने पर सीएमएस डॉ. लाखन सिंह ने खुशी का इजहार किया। स्वजन ने बताया कि महिला ने शादी के करीब करीब आठ वर्ष बाद पहली बार नवजात शिशु को जन्म दिया है। लोगों ने भी करीब 10 वर्ष बाद पहली बार ऑपरेशन से बच्चा पैदा होने पर राहत की सांस लेते हुए खुशी जताई। लोगों का कहना है कि अब उन्हें अपने परिवार की महिलाओं को नॉर्मल डिलीवरी नहीं होने पर प्रसव के लिए बाहर नहीं ले जाना पड़ेगा।