नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस में लकड़ी का पट्टा टूटकर कोच अटेंडेंट के सिर पर गिरा, हालत गंभीर
नार्थ ईस्ट एक्सप्रेस के बी-3 कोच में लकड़ी का पट्टा टूटकर कोच अटेंडेंट जाहिदुल इस्लाम के सिर पर गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायल कोच अटेंडेंट को एंबुलेंस से चिचौली लेकर जाती आरपीएफ
HighLights
नार्थ ईस्ट एक्सप्रेस में कोच अटेंडेंट के सिर पर गिरा पट्टा।
जाहिदुल इस्लाम गंभीर घायल, फफूंद स्टेशन पर ट्रेन रुकी।
घायल को अस्पताल रेफर, रेलवे सुरक्षा पर उठे सवाल।
संवाद सूत्र, औरैया। इटावा से शुक्रवार दोपहर रवाना हुई नार्थ ईस्ट एक्सप्रेस के बी-3 कोच में लकड़ी का पट्टा टूटकर कोच अटेंडेंट के सिर पर जा गिरा। हादसे में कोच अटेंडेंट गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया। घटना से यात्रियों में अफरातफरी मच गई।फफूंद स्टेशन पर ट्रेन रोकी गई। आरपीएफ ने एंबुलेंस से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दिबियापुर पहुंचाया। जहां हालत गंभीर देख सौ शैया युक्त चिकित्सालय चिचौली रेफर कर दिया गया।
असम के बरपेटा जनपद के गांव कथीनिझन निवासी जाहिदुल इस्लाम नार्थ ईस्ट एक्सप्रेस में कोच अटेंडेंट के पद पर तैनात हैं। शुक्रवार को ट्रेन इटावा से आगे रवाना हुई थी। इसी दौरान बी-3 कोच में लगा लकड़ी का पट्टा टूटकर उनके सिर पर गिर गया।
20 मिनट तक खड़ी रही ट्रेन
सिर में चोट लगने से वह मौके पर ही बेहोश हो गए। घटना के बाद कोच सुपरवाइजर इब्राहिम ने तत्काल टीटीई को जानकारी दी और ट्रेन को फफूंद रेलवे स्टेशन पर रुकवाने का इंतजाम किया। ट्रेन के स्टेशन पहुंचते ही आरपीएफ जवानों और कोच सुपरवाइजर ने घायल जाहिदुल को नीचे उतारा।
एंबुलेंस की मदद से उन्हें सीएचसी ले जाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद सिर में गंभीर चोट होने की आशंका जताते हुए जाहिदुल को सौ शैया अस्पताल, चिचौली के लिए रेफर कर दिया।
हादसे के चलते ट्रेन फफूंद स्टेशन पर करीब 20 मिनट से अधिक समय तक खड़ी रही। घटना के बाद कोच की रखरखाव व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। आरपीएफ पोस्ट प्रभारी नंदकिशोर ने बताया कि घायल का उपचार कराया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
