पति से विवाद होने पर विवाहिता ने की खुदकशी
संवादसूत्र, सहायल : थाना क्षेत्र के ग्राम बसंतपुर दो सौ रुपये खो जाने को लेकर पति-पत्नी में विवाद
संवादसूत्र, सहायल : थाना क्षेत्र के ग्राम बसंतपुर दो सौ रुपये खो जाने को लेकर पति-पत्नी में विवाद हो गया। इसी बात से क्षुब्ध होकर विवाहिता ने फंदे पर झूलकर खुदकशी कर ली। जब परिजनों ने विवाहिता का शव फंदे से झूलता देखा तो हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने पति व ससुर को हिरासत में ले लिया है तथा मृतका के मायके पक्ष के लोगों को घटना की सूचना दे दी है।
क्षेत्र के ग्राम डेरापुर निवासी पूनम पत्नी आनंद कुमार का मंगलवार की दोपहर दो सौ रुपये खो जाने को लेकर विवाद हो गया था। इसी बात से क्षुब्ध होकर पूनम ने कमरे के अंदर जाकर फांसी लगा ली। जब काफी देर तक पूनम कमरे से बाहर नहीं निकली तो परिजनों को शक हुआ। परिजनों ने कमरे के अंदर देखा तो पूनम का शव फांसी के फंदे पर लटकता देखा। सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष गयाप्रसाद वर्मा ने ग्रामीणों व परिजनों से पूछताछ की। जिस पर पता चला कि रुपये को लेकर विवाद हुआ था। जिसके कारण विवाहिता ने फांसी लगा ली। मृतका की दो पुत्रियां भी हैं। पूनम की शादी चार वर्ष पहले आनंद कुमार के साथ हुई थी। मृतका का मायका कानपुर देहात के तनियापुर में है। पुलिस ने पति आनंद कुमार व ससुर मथुरा प्रसाद को हिरासत में लिया है। पुलिस ने मृतका के मायके पक्ष के लोगों को सूचना दे दी है। समाचार लिखे जाने तक थाने में मामले की तहरीर नहीं दी गई थी। इस संबंध में थानाध्यक्ष गयाप्रसाद वर्मा ने बताया कि पूनम ने अपने पति से दो सौ रुपये खो जाने की बात बताई थी। इसी बात को लेकर दोनों में विवाद हुआ और पूनम ने फांसी लगाकर खुदकशी कर ली। उन्होंने बताया कि अभी तक मामले की तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।