यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 16, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
भगवान कृष्ण की ससुराल कुदरकोट उपेक्षा की शिकार
संवाद सहयोगी, बिधूना (औरैया): भगवान कृष्ण की ससुराल कुंदनपुर वर्तमान में कुदरकोट ऐतिहाि

संवाद सहयोगी, बिधूना (औरैया): भगवान कृष्ण की ससुराल कुंदनपुर वर्तमान में कुदरकोट ऐतिहासिक धरोहर के बावजूद सरकारी उपेक्षा का शिकार है। कुदरकोट की टूटी फूटी जर्जर सड़कें व पुरहा नदी पर बना जर्जर पुल आदि दुर्दशा की कहानी कह रहे हैं। जबकि इसके विकास यह पर्यटन स्थल बन सकता है।
ग्राम कुदरकोट पूर्वकाल में कुंदनपुर कई ऐतिहासिक धरोहरों को समेटे है। पुरहा नदी किनारे बसे इस गांव का द्वापर काल से ही इतिहास रहा है। यहां पर भगवान कृष्ण की ससुराल थी। बीते वर्ष कुदरकोट के खेड़े पर एक सुरंग भी देखी गई। बताया जाता है कि यह सुरंग सीधी कन्नौज के लिए जाती थी। कन्नौज के राजा का भी यहां से गहरा संबंध बताया जाता है। यह भी किवदंती है कि इसी सुरंग से आकर भगवान कृष्ण रुक्मिणी को अपहृत कर ले गए थे। जबकि रुक्मिणी के भाई शिशुपाल को बंधक बना लिया था। कुदरकोट में रुक्मिणी के नाम से बना अलोपा देवी का मंदिर, भयानक नाथ मंदिर, चौमुखानाथ हजारी नाथ झारखंडी मंदिर आदि स्थापित हैं। महाशिवरात्रि के बाद इस ऐतिहासिक नगरी में संतों की 84 कोसी यात्रा समूचे कई जनपदों में जाती है। जबकि इस धार्मिक नगरी की प्रत्येक अमावस्या को आस पास के कन्नौज, मैनपुरी, आगरा, शिकोहाबाद, औरैया, जालौन, कानपुर, झांसी आदि जनपदों के अलावा मध्यप्रदेश के कई स्थानों से श्रद्धालु आकर परिक्रमा करने आते हैं। हालांकि परिक्रमा मार्ग पर कई दबंगों द्वारा कब्जा कर घूरा आदि डाल कर अतिक्रमण कर लिया गया है। इससे श्रद्धालुओं को भारी परेशानी होती है। अलोपा देवी आदि मंदिरों को जाने के लिए रास्ते भी जर्जर स्थिति में हैं। जबकि सड़क पर जगह-जगह जलभराव की समस्या रहती है। कुदरकोट, बल्लपुर मार्ग पर पुरहा नदी के जर्जर हो चुके पुल भी दुर्घटनाओं की आशंका रहती है। बीते वर्ष नए थाने के निर्माण के संबंध में भूमि आदि का निरीक्षण करने पहुंचे अपर जिलाधिकारी राम सेवक द्विवेदी, अपर पुलिस अधीक्षक राकेश सक्सेना ने निरीक्षण किया था। तब उन्होंने परिक्रमा मार्ग आदि मार्गों को दुरुस्त कराने का भी आश्वासन दिया था, लेकिन स्थिति अभी भी जस की तस बनी हुई है। भगवान कृष्ण की ससुराल कुदरकोट को पर्यटक केंद्र घोषित करने की भी कई बार मांग की जा चुकी है।