जलनिकासी न होने से तालाब बनीं गलियां
संवादसूत्र सहायल ग्राम पंचायत धुपकरी का गांव उपरेगा इस समय उपेक्षा का दंश झेल रहा है। यह
संवादसूत्र, सहायल: ग्राम पंचायत धुपकरी का गांव उपरेगा इस समय उपेक्षा का दंश झेल रहा है। यहां गलियां तालाब बन गई हैं। गंदा पानी लोगों के घरों में घुस रहा है। हल्की ही बरसात में गांव टापू बन जाता है। इस गांव के कई लोगों को पात्र होने के बावजूद अब तक इज्जतघर नहीं मिले हैं।
उपरेगा गांव के निवासी बबलू राजपूत, अनिरुद्ध कुमार, घासीराम राजपूत व बेचेलाल राजपूत ने बताया कि गांव में सालों से कोई काम नहीं कराया गया है। जलनिकासी तक की व्यवस्था नहीं है। इस कारण गांव में गंदा पानी और गंदगी के ढेर लगे हैं। लोग बीमारियों की चपेट में हैं। मगर कोई सुनवाई करने वाला नही है। शासन-प्रशासन की उपेक्षा के कारण सालों से वह लोग नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। वोट की राजनीति के कारण उनके गांव में विकास नहीं किया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि उनके गांव में इज्जतघर भी नहीं दिए गए हैं। जिससे वह लोग खुले में शौच जाने को मजबूर हैं। क्या कहते हैं जिम्मेदार
उपरेगा पंचायत के विकास कार्यो की जांच चल रही है। कई शिकायतें मिली हैं। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
नित्यानन्द तिवारी, खंड विकास अधिकारी