कहीं लटका मिला ताला, कहीं पुलिसकर्मी नदारद
जागरण संवाददाता औरैया शहर की पुलिस चौकियों पर रात में कोई नहीं मिलेगा। एक-दो चौकि
जागरण संवाददाता, औरैया : शहर की पुलिस चौकियों पर रात में कोई नहीं मिलेगा। एक-दो चौकियों को छोड़कर अक्सर पुलिसकर्मी आराम फरमाते नजर आते हैं। शहर की सबसे सवंदेनशील निझाई पुलिस चौकी पर अक्सर ताला लटकता नजर आता है। अगर क्षेत्र में कोई वारदात हो तो कोतवाली तक दौड़ लगानी पड़ेगी। जबकि पुलिस चौकियों पर भी रात में रुकने के आदेश है। इसके बाद भी चौकी इंचार्ज व सिपाही शाम होते ही अपने-अपने आवासों में निकल जाते है। सर्दियों में रात जहां चोरी की घटनाएं हर साल होती है। सीन - 1
स्थान - निझाई चौकी
समय : दोपहर 1.30 बजे
शहर के कांशीराम कालोनी में बनी निझाई चौकी अक्सर ही खुलती है। खास बात यह है कि इसके अंतर्गत सर्राफा बाजार, फूलगंज, होमगंज बाजार आता है। चौकी इंचार्ज के न बैठने से पीड़ितों को कोतवाली तक की दौड़ लगानी पड़ती है। जब पड़ताल की गई तो यहां पर ताला लटकता मिला। आसपास के लोगों ने बताया कि कभी-कभार ने चौकी का गेट खुलता है। रिपोर्ट दर्ज कराए जाने के लिए सभी को कोतवाली जाना पड़ता है। सीन - 2
स्थान - देवकली चौकी
समय - सुबह 11.30 बजे
शहर से पांच किलो मीटर दूर बनी देवकली पुलिस चौकी पर पुलिसकर्मी तो मौजूद मिले। लेकिन वह पास में बनी चाय की दुकान पर बैठकर नाश्ता कर रहे थे। वहीं खनिज विभाग की ओर से चौकी पर ओवरलोडेड वाहनों की चेकिग की जा रही थी। चौकी इंचार्ज अशोक पटेल को फोन लगाने पर पता चला कि वह क्षेत्र में वांछित आरोपितों की गिरफ्तारी करने के लिए गए हुए हैं। सीन - 3
स्थान - इंडियन ऑयल पुलिस चौकी
समय - रात 9.30 बजे
शहर के हाईवे रोड स्थित इंडियन ऑयल पुलिस चौकी में भी कई गांव संवेदनशील आते हैं। पड़ताल के दौरान चौकी पर इंचार्ज बलवीर सिंह मौजूद मिले। साथ ही हमराही भी थे। चौकी इंचार्ज क्योंटरा के एक मामले में समस्याएं सुन रहे थे। क्या कहते हैं जिम्मेदार
सभी चौकी इंचार्जो को गश्त के अलावा एक निर्धारित समय पर बैठने के निर्देश दिए गए हैं। अगर चौकी इंचार्ज नहीं बैठ रहे हैं, तो वह स्वयं निरीक्षण करेंगी। कार्य के प्रति लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। - सुनीति, एसपी