विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

औरैया के कुदरकोट में 126 साल पुरानी रामलीला का भव्य आगाज, शिव बरात में गूंजे हर-हर महादेव के जयकारे

Published: Wed, 07 Oct 2026 04:03 PM (IST)

औरैया के कुदरकोट में 126वीं ऐतिहासिक रामलीला का शुभारंभ मुकुट पूजन और भव्य शिव बरात के साथ हुआ।

News Article Hero Image

HighLights

  1. 126वीं ऐतिहासिक कुदरकोट रामलीला का मुकुट पूजन से शुभारंभ हुआ।

  2. भव्य शिव बरात में उमड़ी भीड़, कस्बा शिव जयकारों से गूंजा।

  3. पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था संभाली, भीड़ प्रबंधन के निर्देश दिए।

जागरण संवाददाता, औरैया। कस्बा कुदरकोट की ऐतिहासिक रामलीला के 126वें महोत्सव का मंगलवार को विधि-विधान से मुकुट पूजन और भगवान शिव की बरात के साथ शुभारंभ हुआ।

126 वर्षों से चली आ रही रामलीला की परंपरा के साक्षी बनने के लिए कस्बे के साथ ही आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। शिव बरात निकलने के दौरान पूरा कस्बा भगवान शिव के जयकारों से गूंज उठा।

रामलीला आयोजन समिति की ओर से सबसे पहले भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न के मुकुटों का विधि-विधान से पूजन किया गया। इसके बाद भगवान शिव की बरात निकाली गई। सजे-धजे रथ और धार्मिक झांकियों के साथ निकली बरात कस्बे के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी।

जगह-जगह श्रद्धालुओं ने बरात का स्वागत किया और पुष्प वर्षा की। युवाओं और बच्चों में भी आयोजन को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया।

संरक्षक विपिन बिहारी दीक्षित, अध्यक्ष आशाराम तिवारी, कार्यवाहक अध्यक्ष मंशाराम तिवारी, रामाधार गुप्ता, नागेंद्र मिश्रा, अभिषेक मिश्रा, लल्ली वर्मा, अभिलाष तिवारी, गुड्डू दीक्षित, लालजी दीक्षित, रामजी दीक्षित, गौरव शुक्ला, कमलेश पोरवाल, सोनू गुप्ता, रोनू गुप्ता सहित कमेटी के पदाधिकारी मौजूद रहे।

ऐतिहासिक है कुदरकोट की रामलीला

कुदरकोट की रामलीला क्षेत्र में अपनी ऐतिहासिक और धार्मिक परंपरा के लिए विशेष पहचान रखती है। इस महोत्सव को लेकर कस्बे के लोगों में विशेष उत्साह है। आयोजन समिति की ओर से रामलीला मंचन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आगामी दिनों में रामलीला के विभिन्न प्रसंगों का मंचन किया जाएगा।

सुरक्षा को लेकर पुलिस रही सक्रिय

रामलीला और शिव बरात को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती। थाना प्रभारी निरीक्षक ललितेश नारायण त्रिपाठी ने आयोजकों से बातचीत कर भीड़ प्रबंधन और कार्यक्रम को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस कर्मी बरात के दौरान व्यवस्था संभालते रहे।