नारकीय जीवन जीने को मजबूर कटरा मनेपुर के बाशिंदे
संवाद सूत्र फफूंद (औरैया) नगर पंचायत का वार्ड नंबर दो कटरा मनेपुर की स्थिति बेहद बदहा
संवाद सूत्र, फफूंद (औरैया) : नगर पंचायत का वार्ड नंबर दो कटरा मनेपुर की स्थिति बेहद बदहाल है। यहां के लोग पानी से लेकर सभी मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं। उपेक्षा के शिकार यहां के लोग नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। बस्ती में गंदगी व पानी निकासी की समस्या व्याप्त है। लोगों का दर्द जानने के लिए जब रविवार को'जागरण टीम'पहुंची तो तमाम समस्याएं देखने को मिलीं। जल निकासी का साधन न होने से टूटी नालियों का पानी सड़कों पर बह रहा है। आने वाली बरसात में घरों से निकलना मुश्किल हो जाएगा। जल निकासी की समस्या को लेकर यहां के बाशिदे बेहद चितित दिखाई दे रहे हैं। बार्ड की जनसंख्या करीब तीन हजार हैं। जबकि यहां पर 1800 वोटर हैं। क्या कहते हैं लोग
भूरी देवी ने बताया कि सबसे बड़ी समस्या जल निकासी की है। हमारी गली में नाला अधूरा रहने के कारण नालियों का पानी सड़कों पर भरा रहता है। बरसात में स्थिति बेहद खराब होगी।
अनूप रावत ने कहा कि नगर पंचायत द्वारा इज्जतघर बनवाया गया है। लेकिन अभी तक इसका संचालन नहीं किया गया। वार्ड में बने स्कूल की बाउंड्रीवाल न होने से परिसर में आवारा जानवर गंदगी करते रहते हैं। बृजेश राजपूत ने बताया गंदा पानी भरा रहने से मच्छरों की बाढ़ सी आ रही है। साफ सफाई का अभाव है। हमारा वार्ड विकास से कोषों दूर है। बरसात में बीमारियां फैलने की संभावनाओं से इंकार नहीं किया जा सकता। मीरा देवी का कहना है वार्ड में मंदिर परिसर में साफ सफाई नहीं होती है। यहां पर दूर-दूर से लोग पूजा अर्चना के लिए आते हैं। लेकिन गंदगी देखकर भक्तों को बहुत ही कष्ट होता है। क्या कहते हैं जिम्मेदार
वार्ड में साफ सफाई नियमित कराई जा रही है। नाला निर्माण का अधूरा कार्य शीघ्र पूरा कराया जाएगा। बरसात से पहले जल निकासी की समस्या से निजात मिल जाएगी। -रमेश गुप्ता, अधिशासी अधिकारी