खाद्य सुरक्षा अभिहीत अधिकारी का वेतन रोका
जागरण संवाददाता, औरैया : जिलाधिकारी श्रीकांत मिश्रा ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर में बने
जागरण संवाददाता, औरैया : जिलाधिकारी श्रीकांत मिश्रा ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर में बने कार्यालयों का जायजा लिया। इस दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग के अभिहीत अधिकारी अनुपस्थित मिले। जिलाधिकारी ने उनका एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए। कुछ स्थानों पर गंदगी देख जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने सभी कर्मचारियों व अधिकारियों से अपने कार्यालय नियमित साफ कराने के निर्देश दिए। गंदगी मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
जिलाधिकारी गुरुवार सुबह कलेक्ट्रेट परिसर में बने कार्यालयों का निरीक्षण करने को निकल पड़े। इस दौरान अधिकांश कार्यालयों में कर्मचारी व अधिकारी उपस्थिति मिले। लेकिन खाद्य सुरक्षा विभाग के अभिहीत अधिकारी गिरिजेश दुबे अपने कार्यालय में नहीं थे। वहां मौजूद कर्मचारियों से उनके बारे में जानकारी की गई, तो बताया गया कि वह किसी काम से लखनऊ गए हैं। इस पर जिलाधिकारी भड़क गए। उन्होंने कहा कि बिना अनुमति के उन्होंने जिला मुख्यालय कैसे छोड़ दिया है। इस पर उन्होंने उनका एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने अन्य अधिकारियों को हिदायत दी कि कोई भी बिना उनकी अनुमति के जिला मुख्यालय नहीं छोड़ेगा। यदि किसी ने छोड़ा तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी को कलेक्ट्रेट परिसर में एक-दो स्थानों पर गंदगी नजर आई। इस पर उन्होंने वहां साफ-सफाई के निर्देश दिए।