नये चेहरे सामने आने से बिगड़ने लगे पुरानों के समीकरण
संवाद सहयोगी, अजीतमल : नगर निकाय के चुनाव का डंका बजते ही बाबरपुर अजीतमल चेयरमैन सीट के
संवाद सहयोगी, अजीतमल : नगर निकाय के चुनाव का डंका बजते ही बाबरपुर अजीतमल चेयरमैन सीट के लिये महिला प्रत्याशियों के चेहरे होर्डिग्स पर लोगों से सामने हाथ जोड़ते सामने आने लगे हैं। कुछ प्रत्याशी करीब दस वर्षो से हर त्यौहार पर तिराहों और चौराहों पर होर्डिंग्स के जरिये नजर आते थे। लेकिन महिला सीट होते ही अब उनके साथ उनकी पत्नियों या फिर महिला परिजन की तस्वीर भी हाथ जोड़े नजर आ रही है। वहीं प्रतिदिन एक एक कर अब रोजाना प्रत्याशियों की संख्या बढ़ रही है। इससे से वर्षों से मेहनत कर रहे लोगों के नीचे से जमीन फिसलती नजर आ रही है। ऐसे में लोगो ने अब पार्टी पदाधिकारियों की चमचागिरी भी शुरू कर दी है। ताकि किसी पार्टी का सिम्बल उन्हे मिल जाये और चेयरमेन सीट की राह आसान हो सके।
नगर पंचायत बाबरपुर अजीतमल के लिये सामान्य सीट होना लोगों के लिये मुंगेरीलाल के सपने जैसा है। काफी वर्षों बाद आई सामान्य महिला की इस सीट के लिये कोई भी प्रत्याशी अगली बार की सीट पर भाग्य आजमाने के लिये एक दूसरे से समझौता करता भी नजर नहीं आ रहा है। जिससे लोगो के समीकरण बनने बिगड़ते नजर आ रहे है। समीकरण बिगड़ने से लोग अब पार्टी मुख्यालयों की ओर दौड़ रहे है। ब्राहमण वर्ग में अब तक पांच दिग्गज मैदान में चेहरा खोल चुके है। क्षत्रिय वर्ग मे भी अब तक सिर्फ दो दिग्गजों के चेहरे ही नजर आये है। वहीं वैश्य वर्ग में अब तक पांच चेहरे सामने आये हैं। वहीं अनुसूचित जाति से अभी तक दो तथा पिछड़ी वर्ग से अभी तक तीन प्रत्याशियों ने चुनावी अखाड़े में ताल ठोकी है। चर्चाओं की माने तो अभी करीब एक दर्जन से भी अधिक प्रत्याशी हवाओं और फिजाओं का इन्तजार कर रहे हैं। जिनके चेहरे अचानक लोगों के सामने आने की उम्मीद हैं। वही इस बात की भी चर्चा जोरों पर है कि सामान्य सीट पर घमासान होने के चलते कहीं फिर से ये सीट सामान्य वर्ग के हाथों से फिसलकर किसी अन्य वर्ग में भी जा सकती है।