ई-पॉस मशीनें फेल, भटक रहे कार्डधारक
संवाद सूत्र, एरवाकटरा: कस्बा में बीते एक पखवारे से राशन की दुकानों पर ई-पॉस मशीनों खरा
संवाद सूत्र, एरवाकटरा: कस्बा में बीते एक पखवारे से राशन की दुकानों पर ई-पॉस मशीनों खराब चल रही हैं। अपने काम को छोड़ महिला व पुरुष दुकानों के चक्कर काटकर बैरंग घर लौट रहे हैं। डीलरों ने इसकी सूचना एसडीएम को दे दी है।
कस्बा में तीन राशन की दुकानें स्थित हैं। पांच नवंबर से दुकानों पर ई-पोस मशीनों की समस्या सर्वर खराबी की वजह से आ रही है। पिछले 14 दिन से पात्र गृहस्थी कार्डधारक बहुत परेशान हैं। महिलाओं ने बताया प्रति दिन राशन की दुकानों पर गल्ला लेने जाती हैं। वहां मशीनों के काम न करने से पूरा दिन खराब हो जाता है। बताया कि उनका काम लहसुन की सफाई करना है, मजदूरी का भी नुकसान होता है। कुछ अन्त्योदय कार्ड धारकों ने बताया इससे तो अच्छा राशन का गल्ला मिलना बंद हो जाए। दुकानों पर दौड़ लगाते-लगाते वह थक गए हैं। ऐरवा टीकुर डीलर जगदीश बाथम ने बताया 700 कार्ड हैं। ई-पोस मशीनें काम नहीं करतीं। इसलिए गल्ला वितरित नहीं हो पा रहा है। ऐरवा टिकटा डीलर राकेश कुमार दुबे ने बताया उनके पास 419 कार्ड हैं। सर्वर की समस्या बहुत खराब चल रही है। रविवार को एक भी कार्ड पर राशन वितरण नहीं हो सका। उन्होंने बताया कि इस समस्या से 15 नवंबर को तहसील बिधूना में अधिकारियों को अवगत करा दिया है। एरवा कुइली डीलर कु. ज्योति ने बताया मशीनें पूर्ण रूप से कार्य नही करतीं। जब वाई-फाई से जोड़ते हैं तो कभी-कभी काम होने लगता, फिर बंद हो जाता है। उनके पास 400 कार्ड में 118 कार्डो पर राशन वितरण हो चुका है। भटपुरा के डीलर सिपाही लाल यादव ने बताया सर्वर की समस्या के चलते अभी तक 168 कार्ड धारकों को राशन उपलब्ध हो सका है। उपजिलाधिकारी बिधूना प्रवेंद्र कुमार ने बताया ई-पोस मशीनों को ठीक कराने के लिए इंजीनियरों को भेजा जाएगा। जल्द ही समस्या का समाधान हो जाएगा।