सादगी से मनायी ईद,गले मिलने से किया गया परहेज
जागरण टीम औरैया सोमवार को ईद का त्योहार सादगी के साथ मनाया गया। मुस्लिम समुदाय के लोगा
जागरण टीम, औरैया : सोमवार को ईद का त्योहार सादगी के साथ मनाया गया। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने घरों में रहकर नमाज अदा की। कोरोना महामारी के चलते लोगों ने एक-दूसरे के गले मिलने से परहेज किया। सुरक्षा के मद्देनजर डीएम-एसपी ने क्षेत्र में भ्रमण किया और लोगों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मेले का आयोजन न होने से बच्चों में मायूसी नजर आई। लोगों ने घरों में बने पकवानों का आनंद लिया।
ईद के त्योहार को लेकर सुबह हल्की चहल-कदमी नजर आई। डीएम अभिषेक सिंह व एसपी सुनीति द्वारा ईद पर्व पर औरैया शहर, अजीतमल, फफूंद एवं जनपद के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर लॉकडाउन का कड़ाई से पालन कराया गया। ईद पर्व में जनपदवासियों द्वारा शारीरिक दूरी का पालन करते हुए ईद की नमाज को अदा की गई। एसपी सुनीति द्वारा सभी मुस्लिम वर्ग के लोगों को घर में ही रहकर ईद मनाने के लिए अपील की गई व शारीरिक दूरी का पालन करने को कहा, जिससे कोरोना वायरस जैसी महामारी से बचा जा सके। वहीं शहर में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने फोन पर ही एक-दूसरे को ईद की बधाई दी और घरों में रहकर नमाज अदा की।
फफूंद कस्बा में पवित्र रमजान महीने के अंत में मनाए जाने वाले ईद के त्योहार सीदगी पूर्वक मनाया गया। कोविड-19 महामारी के कारण लोगों ने घरों में नमाज अदा की। लॉकडाउन के कारण ईदगाह में सामूहिक रूप से नमाज ए ईद अदा नहीं की जा सकी। हर वर्ष ईद के दिन गुलजार हो जाने वाला ईदगाह इस बार सूना नजर आया। महामारी के डर से ईद के दिन भी लोग एक-दूसरे से गले नहीं मिले। उन्होंने हाथ मिलाकर भी मुबारकबाद देने से परहेज किया। ईद के दिन पुलिस सतर्क रहा। कस्बा में तीन स्थानों पर ईद की नमाज अदा की जाती है। नगर के बाहर स्थित ईदगाह पर तथा मुहल्ला बाबा का पुर्वा स्थित ईदगाह पर एक ही वक्त में नमाज ए ईद अदा होती है, इसके एक घंटा बाद आस्तना आलिया पर नमाज अदा होती है। तीनो स्थानों पर पुलिस का सख्त पहरा बना रहा।
बिधूना में कस्बे के चंदरपुर रोड स्थित ईदगाह पर हर वर्ष की भांति इस बार न तो ईद की नमाज अदा की गई और न ही मेले आदि का आयोजन किया गया। वहीं आंबेडकर नगर स्थित ईदगाह पर भी सन्नाटा पसरा नजर आया। इस दौरान एसडीएम राशिद अली खान, सीओ मुकेश प्रताप सिंह, तहसीलदार गौतम सिंह, कोतवाली निरीक्षक रामसहाय सिंह ने नगर में भ्रमण कर शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। समाजसेवी रानू खान ने कहा कि सरकार द्वारा जारी किए गए निर्देशों का पालन करना ही सबसे बड़ी इबादत है। नगर पंचायत अध्यक्ष अमित कुमार बाथम, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमारी मिश्रा, पूर्व चेयरमैन आदर्श मिश्रा, पूर्व विधायक प्रमोद कुमार गुप्ता, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष गीता शाक्य, पूर्व विधायक शिव प्रसाद यादव ने फोन पर ही लोगों को शुभकामनाएं दी।