डीएम के आदेश के बावजूद नहीं जले अलाव
संवाद सूत्र, सहार(औरैया) : मकर संक्रांति पर्व पर अचानक मौसम में आए बदलाव ने सभी को परेशान
संवाद सूत्र, सहार(औरैया) : मकर संक्रांति पर्व पर अचानक मौसम में आए बदलाव ने सभी को परेशान कर दिया। पिछले कुछ दिनों से सर्द हवाएं चल रही हैं। आसमान में कभी बादल भी छा जाते हैं तो कभी साफ दिखाई देता है। बर्फीली हवाओं के चलने से ठंड का प्रकोप बढ़ने लगा। सुबह शाम लोग घरों में दुबकने को मजबूर हैं।
सोमवार को बढ़ती ठिठुरन से लोगों की मुश्किलें बढ़ती दिखाई दे रही हैं। पहाड़ी इलाकों से आ रही हवाओं के कारण गलन शुरू हो गई है। गर्म कपड़े भी शरीर पर कम महसूस हो रहे हैं। यह सच है कि आर्थिक रूप से मजबूत संसाधनों से बचाव कर लेता है। लेकिन दो जून की रोटी बमुश्किल कमाने वाले व्यक्ति के लिए सर्दी परीक्षा की घड़ी साबित हो रही है। मजदूरों को इस समय काम मिलना भी कठिन हो जाता है। ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं। जिलाधिकारी के आदेश के बावजूद भी प्रधान पुर्वा दानशाह द्वारा अभी तक चौराहों एवं सार्वजनिक स्थलों पर अलाव जलवाने की व्यवस्था नहीं की गई है। अधिकतर लोगों का कहना है कि बर्फीली हवाओं से ठंड का असर बढ़ रहा है। गरीबों को प्रशासन व समाजसेवी संस्थाओं द्वारा कंबल वितरित किए जा रहे हैं। शिवकुमार, सुनील कुमार, आलोक कुमार, संदीप कुमार, राजीव कुमार, श्याम तिवारी आदि ग्रामीणों ने जल्द से जल्द अलाव जलवाने की मांग की है।