गणेश महोत्सव : आस्था और लगाव से बढ़ता गया कारवां
जागरण संवाददाता, औरैया : गणपति बप्पा मोरिया, अगली बरस तुम जल्दी अइयो.. । इसी आशा से श्रद्धालु अ
जागरण संवाददाता, औरैया : गणपति बप्पा मोरिया, अगली बरस तुम जल्दी अइयो.. । इसी आशा से श्रद्धालु अपने गजानन का इंतजार करते नजर आए हैं। शहर के आवास विकास आर्यनगर में आयोजित होने वाले गणेश महोत्सव का हर वर्ष लोग इंतजार करते हैं। यहां पर वर्ष 2013 में पहले गणेश महोत्सव का शुभारंभ हुआ। पहली बार ज्यादा लोग इससे नहीं जुड़ पाए लेकिन दूसरे गणेश महोत्सव में लोगों कू आस्था और लगाव बढ़ा और फिर कारवां बढ़ता चला गया। अब यहां पर आरती में करीब दो हजार लोग शामिल होते हैं और कार्यक्रमों का भरपूर आनंद उठाते हैं।
शहर के मोहल्ला आर्यनगर आवास विकास कालोनी के लोगों को गणपति बप्पा के विराजमान होने का बेसब्री के साथ इंतजार रहता है। वर्ष 2013 में श्रीगणेश सर्व सेवा समिति के अध्यक्ष अवनीश अवस्थी ने गणेश महोत्सव का शुभारंभ कराया। पहली बार भगवान गजानन की मूर्ति पांच फुट की आई। महोत्सव की शुरूआत होने पर मोहल्ले के लोगों ने बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया और सभी कार्यक्रमों में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका अदा की। इसके बाद 2014 में गणपति बप्पा की मूर्ति 7 फुट की आई और इसमें मोहल्ले के अलावा अन्य लोग जुड़ने लगे। देखते ही देखते आस्था का कारवां बढ़ता गया और गणपति बप्पा की मूर्ति हर साल दो फुट बढ़ी। अब शहर के आवास विकास में आयोजित होने वाले लोगों को गणेश महोत्सव का इंतजार रहता है। यहीं कारण है कि अब यहां पर श्रद्धालुओं की संख्या दो हजार से अधिक हो गई है। गणेश जी की आरती में शामिल होने के लिए दूर-दराज से लोग आते हैं और महोत्सव में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों का लुफ्त उठाते हैं। साथ ही भगवान के भजनों पर थिरकते नजर आते हैं।
श्रीगणेश सर्व सेवा समिति के अध्यक्ष अवनीश अवस्थी ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी महोत्सव में विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि 11 दिनों तक चलने वाले महोत्सव में भजन-कीर्तन, सुंदरकांड, आकर्षक झांकी सजाई जाएगी। इसके अलावा एक दिन जगरथे का कार्यक्रम किया जाएगा। वहीं मथुरा से कलाकार आकर श्रद्धालुओं का मनोरंजन कराएंगे। उन्होंने बताया कि भगवान के प्रति आस्था और लगन के कारण लोग गणेश महोत्सव में जुड़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि कमेटी के पदाधिकारी सुनिल राजपूत, के.पी ठाकुर, रामजी, मनीष, अमन, कुबेर, अनमोल की भागेदारी से महोत्सव विस्तार रूप पकड़ रहा है।