विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

औरैया में बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर खड़े डंपर में दूसरे डंपर ने मारी टक्कर, एक की मौत

Published: Sat, 19 Sep 2026 10:47 AM (IST)

बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर देर रात एक खड़े डंपर में दूसरे डंपर ने टक्कर मार दी, जिससे हेल्पर की मौके पर ही मौत हो गई और चालक घायल हो गया।

क्षतिग्रस्त डंपर

क्षतिग्रस्त डंपर

HighLights

  1. बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर देर रात डंपरों की टक्कर हुई।

  2. हादसे में एक डंपर के हेल्पर की मौके पर मौत।

  3. चालक घायल हुआ, पुलिस ने यातायात सुचारु कराया।

जागरण संवाददाता, औरैया। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर शनिवार देर रात खड़े डंपर में पीछे से दूसरे डंपर ने टक्कर मार दी। हादसे में दूसरे डंपर के हेल्पर की मौत हो गई, जबकि चालक घायल हो गया।

दुर्घटना एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 277.1 पर रात करीब एक बजे हुई। टक्कर इतनी तेज थी कि चलते डंपर का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। चालक और हेल्पर उसमें फंस गए।

पुलिस के अनुसार, डंपर का चालक एक्सप्रेसवे से गुजर रहा था। इसी दौरान उसने सड़क किनारे खड़े डंपर में टक्कर मार दी। हादसे की सूचना एक्सप्रेसवे कंट्रोल रूम से मिलने पर अछल्दा थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। कुदरकोट थाने की पुलिस और एक्सप्रेसवे के अधिकारी-कर्मचारी भी वहां पहुंच गए।

रेस्क्यू टीम ने काफी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त केबिन में फंसे चालक और हेल्पर को बाहर निकाला। 35 वर्षीय चालक अनुज यादव निवासी नगला बाले, थाना ऐरवाकटरा, को मामूली चोटें आईं।

उसे एंबुलेंस से सीएचसी भरथना भेजा गया, जहां उसकी हालत सामान्य बताई गई। पुलिस ने उसके स्वजन को घटना की जानकारी दी। वहीं, 30 वर्षीय हेल्पर मोनू यादव निवासी नगला बाले, की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों क्षतिग्रस्त डंपरों को एक्सप्रेसवे कर्मचारियों की मदद से हटवाकर यातायात सुचारु कराया गया।

यह भी पढ़ें- संभल में रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, दो लोग घायल