बढ़ रहा आवारा कुत्तों का खतरा, औरैया में दो दिन में दो मासूमों पर हमला, पांच साल के बच्चे के दांत और होंठ काटे
औरैया में आवारा कुत्तों का आतंक बढ़ गया है, दो दिनों में दो मासूम बच्चों पर हमला हुआ है। अछल्दा ...और पढ़ें

केजीएमयू लखनऊ में भर्ती विहान व कुत्ते के हमले से घायल पांच वर्षीय अभि। जागरण
HighLights
अछल्दा में पांच वर्षीय बच्चे पर आवारा कुत्ते का हमला।
दिबियापुर में छह वर्षीय मासूम गंभीर रूप से घायल, लखनऊ रेफर।
औरैया में आवारा कुत्तों के बढ़ते आतंक से लोग भयभीत।
संवाद सूत्र, अछल्दा (औरैया)। औरैया में आवारा कुत्तों के काटने का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। दो दिन में दूसरी घटना ने लोगों को सहमने के लिए मजबूर कर दिया है। दूसरे दिन भी बच्चे पर हमला करके कुत्ते ने होंठ पर काट लिया।
मंगलवार दोपहर करीब 2.15 बजे अछल्दा थाना क्षेत्र के घसारा गांव में घर के बाहर चबूतरे पर बैठे पांच वर्षीय बच्चे पर आवारा कुत्ते ने हमला कर दिया। कुत्ते के हमले में बच्चे के दांत और होंठ जख्मी हो गए। बच्चे के चीखने की आवाज सुनकर स्वजन मौके पर पहुंचे और कुत्ते को भगाया। घायल बच्चे को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अछल्दा ले जाया गया। जहां एंटी रेबीज वैक्सीन उसे लगाई गई।
सोमवार को सिर में काटा था छह साल के बच्चे के
सोमवार को दिबियापुर क्षेत्र में छह वर्षीय मासूम के सिर में कुत्ते ने काट लिया था। जिसकी हालत नाजुक है। मासूम किंग जार्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) लखनऊ के वार्ड में भर्ती है।
अछल्दा के घसारा गांव निवासी संकेत का पांच वर्षीय पुत्र अभि मंगलवार दोपहर करीब सवा दो बजे घर के बाहर चबूतरे पर बैठा था। इसी दौरान एक आवारा कुत्ता अचानक वहां पहुंचा और बच्चे पर हमला कर दिया। कुत्ते ने बच्चे के मुंह पर काट लिया, जिससे उसका एक दांत और होंठ जख्मी हो गया।
नगर निकायों के पास कोई संसाधन नहीं
हमले के बाद बच्चा चीखने लगा। आवाज सुनकर स्वजन तत्काल मौके पर पहुंचे और कुत्ते को ईंट फेंक कर भगाया। इसके बाद अभि को सीएचसी ले गए। डा. ललित मोहन ने उसका प्राथमिक उपचार किया। उपचार के बाद बच्चे की हालत स्थिर होने पर चिकित्सक ने उसे घर भेज दिया। घटना के बाद स्वजन में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने गांव में घूम रहे आवारा कुत्तों को पकड़वाने और उनके आतंक से निजात दिलाने की मांग की है। दूसरी ओर कुत्तों को पकड़ने के लिए नगर निकायों के पास कोई संसाधन नहीं है।
मासूम को कुत्ते ने नोंचा, चेहरे पर गंभीर घाव
उमरी गांव में सोमवार को घर के बाहर गली में खेल रहे मासूम पर आवारा कुत्ते ने हमला कर दिया। कुत्ते ने बालक के चेहरे और आसपास के हिस्से को बुरी तरह नोंच डाला। चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के लोग दौड़े, लेकिन तब तक बालक गंभीर रूप से घायल हो चुका था। उमरी गांव निवासी दिनेश शर्मा का छह वर्षीय पुत्र विहान गली में खेल रहा था। इसी दौरान आवारा कुत्ते ने उस पर हमला कर दिया। कुत्ते के काटने से उसके चेहरे और आसपास गंभीर घाव हो गए।
लखनऊ केजीएमयू रेफर किया गया
परिजन उसे आनन-फानन निजी चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां से चिकित्सकों ने हालत गंभीर होने पर रेफर कर दिया। इसके बाद उसे सौ शैया अस्पताल ले जाया गया। वहां से भी चिकित्सकों ने कानपुर रेफर किया। कानपुर में उपचार के बाद हालत में सुधार न देख उसे लखनऊ केजीएमयू ले जाया गया।
वैक्सीन लगवाने में लापरवाही न करें
सीएचसी प्रभारी डा. विजय आनंद ने बताया कि कुत्ते या बंदर के काटने पर बिल्कुल लापरवाही नहीं करनी चाहिए। जख्म को तत्काल नल की धार के नीचे साबुन से करीब 10 से 15 मिनट तक अच्छी तरह धोना चाहिए। इसके बाद नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर एंटी रेबीज के इंजेक्शन जरूर लगवाने चाहिए। सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर ये इंजेक्शन निश्शुल्क लगाए जाते हैं। उन्होंने कहा कि रेबीज गंभीर बीमारी है, इसलिए काटने के बाद समय से उपचार कराना बेहद जरूरी है।
