बेटे की बेरहमी, शराब पीने के लिए रुपये न देने पर मां को जमीन पर पटक-पटककर मार डाला, गिरफ्तार
औरैया के मलकपुर गांव में एक बेटे ने शराब के लिए पैसे न मिलने पर अपनी वृद्ध मां को पटक-पटककर ...और पढ़ें
-1791112445812_m.webp)
HighLights
शराब के लिए पैसे न देने पर बेटे ने मां को मारा
औरैया के मलकपुर गांव में 26 सितंबर को हुई घटना
पुलिस ने आरोपी बलवान को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया
जागरण संवाददाता, औरैया। पहले से नशे में रहे बड़े बेटे ने और शराब पीने के लिए रुपये नहीं मिले तो अपनी वृद्ध मां को जमीन पर पटक-पटककर मार डाला। घटना सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव मलकपुर में 26 सितंबर को हुई थी। रविवार सुबह पुलिस ने आरोपित को चिरहूली पुल के नीचे से गिरफ्तार करने के बाद दोपहर तीन बजे घटना से पर्दा उठाया। एसपी अभिषेक भारती ने बताया कि आरोपित को न्यायालय से इटावा जेल भेजा गया है।
26 सितंबर को यूपी-112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि ग्राम मलकपुर में करीब 70 वर्षीय श्रीमती देवी का शव उनके छोटे बेटे वीर सिंह के मकान में पड़ा है। श्रीमति के पति रामआसरे की कुछ वर्ष पहले मौत हो चुकी है। वीर सिंह की सूचना के आधार पर पहुंची पुलिस को श्रीमती लहूलुहान मिली और उसके के सिर से खून बहता मिला।
फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए चिचौली भेजा था। रिपोर्ट में सिर में गहरी चोट आने और ज्यादा खून बहने से मौत की पुष्टि हुई थी। बेटे वीर की तहरीर पर पुलिस ने उसके बड़े भाई 45 वर्षीय बलवान और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया था।
जांच के दौरान पुलिस को आरोपित के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले। पुलिस ने रविवार सुबह करीब 8:15 बजे कानपुर-इटावा हाईवे के चिरहूली पुल के नीचे से बलवान को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पुलिस के मुताबिक आरोपित ने बताया कि वह शराब का आदी है।
घटना वाले दिन वह शराब पीने के लिए अपनी मां से पैसे मांगने गया था। मां के पैसे देने से इन्कार करने पर विवाद बढ़ गया और आरोपित ने गुस्से में उन्हें जमीन पर कई बार पटक दिया। गंभीर चोट लगने से उनकी मृत्यु हो गई।
जमीन को लेकर भी रहा विवाद
एसपी ने बताया कि आरोपित ने पूछताछ में बताया कि उसका स्वजन से पुश्तैनी जमीन को लेकर भी विवाद था। अपने हिस्से की जमीन वह पहले ही बेच चुका था। आरोपित शराब पीने का आदी है। छोटा भाई और उसकी मां इस बात से डरते थे कि कहीं वह बची जमीन भी बेच कर शराब न पी जाए। फिलहाल, पूरे मामले की जांच के बाद मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपित के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
