विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

औरैया में बड़ा हादसा: ब्रेक फेल होने से पलटी स्कूल बस, 6 छात्र घायल; 30 बच्चे थे सवार

Published: Wed, 16 Sep 2026 11:10 AM (IST)

औरैया के बेला थाना क्षेत्र में सौरभ एकेडमी की स्कूल बस ब्रेक फेल होने से पलट गई, जिससे उसमें सवार करीब 30 बच्चों में से छह घायल हो गए।

ब्रेक फेल होने से बस पलटी।

ब्रेक फेल होने से बस पलटी।

HighLights

  1. सौरभ एकेडमी की स्कूल बस ब्रेक फेल होने से पलटी।

  2. हादसे में छह बच्चे घायल, कुछ को हल्की चोटें आईं।

  3. ग्रामीणों ने बच्चों को बचाया, चालक हिरासत में लिया गया।

जागरण संवाददाता, औरैया। बेला थाना क्षेत्र के कानपुर मार्ग पर बुधवार सुबह करीब 30 बच्चों को लेकर जा रही सौरभ एकेडमी की स्कूल बस ब्रेक न लगने से अनियंत्रित होकर पलट गई।

हादसा ग्राम बम्नौटी मोड़ के पास हुआ। दुर्घटना के बाद बस में सवार बच्चों में चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर बस में फंसे बच्चों को बाहर निकाला।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल बच्चों को उपचार के लिए नवजीवन अस्पताल, बेला भेजा गया। बताया गया कि हादसे में छह बच्चे घायल हुए हैं। इनमें कुछ बच्चों को हल्की चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद कुछ बच्चों को उनके स्वजन अपने साथ घर ले गए, जबकि अन्य बच्चों का अस्पताल में उपचार कराया गया।

WhatsApp Image 2026-09-16 at 10.54.20 AM

सीओ बिधूना पी. पुनीत मिश्र ने बताया कि बस में करीब 30 बच्चे सवार थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस का ब्रेक फेल होने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस पलट गई।

पुलिस ने घटना की जानकारी जुटाते हुए चालक राम विलास, निवासी बेला, को हिरासत में ले लिया है। हादसे के बाद अभिभावकों में भी चिंता का माहौल रहा। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।

यह भी पढ़ें- गंगा एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, टायर फटने से मिनी ट्रक पलटा; युवक की मौत