औरैया में निचली गंग नहर पर बनेगा 3.15 करोड़ का नया दो लेन पुल, आवागमन में होगी सुविधा
औरैया में निचली गंग नहर पर 3.15 करोड़ रुपये की लागत से नया दो लेन पुल बनाने की तैयारी शुरू ...और पढ़ें

HighLights
निचली गंग नहर पर नया दो लेन पुल बनेगा।
3.15 करोड़ रुपये की लागत से होगा निर्माण।
पुराने 171 वर्षीय जर्जर पुल की जगह लेगा।
जागरण संवाददाता, औरैया। निचली गंग नहर पर नए दो लेन पुल के निर्माण की तैयारी के बीच नहर की सफाई का काम शुरू कर दिया गया है। निर्माण स्थल पर पानी का बहाव रोकने की व्यवस्था की जानी है। इसके लिए संबंधित विभागों ने शुरुआती तैयारी शुरू कर दी हैं। प्रस्तावित पुल का निर्माण 3.15 करोड़ रुपये की लागत से कराया जाना है।
निचली गंग नहर पर बना पुराना पुल करीब 171 वर्ष पुराना बताया जाता है। जर्जर स्थिति के चलते 18 दिसंबर 2023 को इस पुल से भारी वाहनों की आवाजाही बंद कर दी गई थी। इसके बाद से भारी वाहनों के आवागमन में परेशानी हो रही है।
पुराने पुल के स्थान पर नया पुल बनाने के लिए शासन से स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है। प्रस्तावित पुल करीब 45 फीट चौड़ा और 42 फीट लंबा होगा। इसका निर्माण बाक्स कल्वर्ट तकनीक से कराया जाएगा।
पिछले दिनों पीडब्ल्यूडी और सिंचाई विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर नाप-जोख की थी। टीम ने निर्माण स्थल पर निशान लगाने के साथ आवश्यक व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया था। अब नहर की सफाई और पानी का बहाव रोकने की व्यवस्था पर काम किया जा रहा है। नहर की सफाई और पानी का बहाव रोकने संबंधी व्यवस्थाएं पूरी होने के बाद पुल निर्माण शुरू कराने की तैयारी है।
नया पुल बनने से अछल्दा क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। साथ ही पुराने पुल की जर्जर स्थिति और भारी वाहनों की आवाजाही पर लगी रोक से उत्पन्न परेशानी कम होने की उम्मीद है।
