औरैया में सांड़ के हमले से बचने की कोशिश में तालाब में गिरा किसान, डूबने से हुई मौत
औरैया में खेत की रखवाली कर रहे एक किसान की सांड़ के हमले से बचने के प्रयास में तालाब में ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
किसान सांड़ के हमले से बचने के प्रयास में डूबा।
घटना औरैया के रुरुगंज क्षेत्र के उड़ेलापुर गांव में हुई।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जांच जारी है।
संवाद सूत्र, रुरुगंज (औरैया)। खेत में फसल की रखवाली करने गए किसान को सांड़ ने दौड़ा लिया। उससे बचने के प्रयास में किसान पास के तालाब में जा गिरा और डूब गया। काफी देर तक घर न लौटने पर स्वजन ने तलाश शुरू की। जानकारी पर तालाब से उसे बाहर निकालकर उसे बिधूना सीएचसी ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। घटना ग्राम पंचायत उड़ेलापुर के मजरा पुरवा भदौरिया में शनिवार देर शाम की है। रविवार सुबह सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बिधूना कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पंचायत उड़ेलापुर के मजरा पुरवा भदौरिया निवासी 40 वर्षीय दीपू सिंह भदौरिया उर्फ पुष्पेंद्र शनिवार शाम करीब सात बजे खेत में फसल की रखवाली करने गए थे। इसी दौरान खेत में मौजूद सांड़ ने उन्हें दौड़ा लिया। सांड़ से बचने के प्रयास में वह फिसलकर पास स्थित तालाब में जा गिरे और डूब गए। काफी देर तक घर न लौटने पर स्वजन ने उनकी तलाश शुरू की। जिसके बाद वह तालाब में अचेत पड़े दिखे।
तालाब से बाहर निकालकर उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। किसान की मौत की खबर सुनकर स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल था। रविवार सुबह स्वजन ने पुलिस को घटना बताई, जिसके बाद बिधूना कोतवाली के क्राइम इंस्पेक्टर अनिल त्रिपाठी व रुरुगंज चौकी इंचार्ज अजय प्रताप सिंह पहुंचे और घटना की जांच करते हुए स्वजन से पूछताछ कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
दीपू सिंह छह भाइयों में सबसे छोटे थे। उनकी मौत से पत्नी रंजना भदौरिया बेसुध हो रही थीं। उनके 12 वर्षीय पुत्र देवा और आठ वर्षीय पुत्री जागृति के सिर से पिता का साया उठ गया। मां हेमलता भी बेटे की मौत से सदमे में हैं। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी पर अछल्दा ब्लाक प्रमुख शरद राना शोकाकुल स्वजन को ढांढस बंधाने पहुंचे। परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने का भरोसा दिया। बिधूना कोतवाली प्रभारी निरीक्षक वीनेश कुमार ने बताया युवक की पानी भरे तालाब में डूबने से मौत हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
