यूपी चुनाव को लेकर प्रशासन ने तेज की तैयारी, औरैया डीएम ने अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारी
जिला प्रशासन ने 2027 विधानसभा चुनाव की निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण तैयारी शुरू कर दी है। औरैया डीएम बृजेश कुमार ...और पढ़ें

विधानसभा चुनाव-2027 को लेकर प्रशासन ने तेज की तैयारी।
HighLights
डीएम ने 2027 विधानसभा चुनाव तैयारियों की समीक्षा की।
अधिकारियों को निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए निर्देश दिए गए।
लापरवाही बरतने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी जारी।
संवाद सहयोगी, ककोर। विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी हैं। शुक्रवार को जिला निर्वाचन अधिकारी बृजेश कुमार ने कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर निर्वाचन तैयारी की प्रगति परखी।
अधिकारियों को आदेश दिए कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप अपने-अपने दायित्वों की कार्ययोजना तैयार कर सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे करें। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में प्रत्येक अधिकारी की भूमिका महत्वपूर्ण है। इसलिए सभी अधिकारी पूरी गंभीरता और आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारी निभाएं।
समीक्षा के दौरान मतदान एवं मतगणना कार्मिकों की नियुक्ति और प्रशिक्षण, ईवीएम-वीवीपैट की व्यवस्था, स्ट्रांग रूम, कंट्रोल रूम, सुरक्षा प्रबंधन, वाहनों के अधिग्रहण और निर्वाचन सामग्री के वितरण की तैयारियों की समीक्षा की गई।
इसके साथ ही वेबकास्टिंग, कैमरे, वीडियोग्राफी, मीडियाॉ प्रबंधन, निर्वाचन व्यय निगरानी, स्वीप अभियान और शिकायत निस्तारण की व्यवस्थाओं पर भी चर्चा हुई।
डीएम ने मतदान एवं मतगणना केंद्रों पर पेयजल, बिजली, सफाई और चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी नियमित रूप से कार्यों की प्रगति की समीक्षा कर अद्यतन रिपोर्ट उपलब्ध कराएं।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि निर्वाचन संबंधी कार्यों में लापरवाही अथवा शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में एसपी अभिषेक भारती, सीडीओ राम कृपाल चौधरी, एडीएम वित्त एवं राजस्व अविनाश चंद्र मौर्य, एएसपी आलोक मिश्रा सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- सपा अध्यक्ष Akhilesh Yadav का दावा, हमने खोजे 25 लाख दोहरे और फर्जी मतदाता; आयोग से मांगा जाएगा इनाम