अन्ना मवेशियों ने दो किसानों की 20 बीघा फसल रौंदी
ग्राम बागी के किसान मदन और बद्री साहू के खेतों में
संवाद सूत्र, कदौरा : बागी गांव में अन्ना जानवरों का कहर दो किसानों पर भारी पड़ा। पर्व के चलते शनिवार रात फसल की रखवाली करने नहीं जाए पाए। रात में अन्ना मवेशियों ने 20 बीघा फसल बर्बाद कर दी। रविवार सुबह किसान पहुंचे तो धान, तिल, मूंग व उर्द की फसल रौंदी हुई मिली।
ग्राम बागी निवासी किसान मदन व बद्री के यहां रक्षाबंधन को बहनें आई हुई थीं। पर्व के चलते दोनों रात में फसल की रखवाली करने नहीं आ पाए। देर रात उनके खेतों की ओर अन्ना जानवरों का झुंड हांक दिया गया। मदन ने बताया कि उसने पांच बीघा में मूंग व पांच बीघा में उर्द की फसल बोई थी। इसी प्रकार बद्री साहू ने भी दस बीघा में धान व तिल की फसल बोई थी। उसकी भी मेहनत बर्बाद हो गई। पालतू जानवरों को छोड़ दिया गया है छुट्टा
किसानों ने बताया कि इलाके में बहुत संख्या में ऐसे जानवरों का झुंड घूमता है, जो पशुपालकों द्वारा छोड़े जाते हैं। उनके झुंड ने ही फसल बर्बाद की है। आशंका है कि किसी को रखवाली करते नहीं देख साजिशन जानवरों को खेतों में हांक दिया गया। ब्लाक क्षेत्र के सभी गांवों में मुनादी करवा दी गई है कि सभी पशुपालक अपने जानवरों को बांध लें। अभी तक दोनों किसानों ने कोई शिकायत नहीं की है, अगर कोई शिकायत आती है तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अतिरंजन सिंह, बीडीओ