मंदिरों में उमड़ा आस्था का सैलाब
औरैया, जागरण संवाददाता : शारदीय नवरात्र की प्रतिपदा पर मां शैलपुत्री की आराधना को श्रद्धालुओं का सैलाब देवी मंदिरों में उमड़ पड़ा। भक्तों ने धूप,दीप व नैवेद्य चढ़ाकर माता रानी को रिझाने की कोशिश की। देवी मंदिरों में भी आलीशान झांकियां सजाई गई हैं। मां के विग्रह का नयनाभिराम श्रंगार भी भक्तों को विभोर कर रहा है।
यमुना तट स्थित मंगला काली मंदिर पर बड़े तड़के ही भक्तों की आमद शुरू हो गई। बीहड़ क्षेत्र में स्थित मंदिर घंट घड़ियाल के स्वर से गूंजने लगा। इस मंदिर पर जालौन, इटावा, कानपुर, कन्नौज समेत आसपास के कई जनपदों के श्रद्धालु नवरात्र में दर्शन करने पहुंचते हैं। शहर स्थित आवास विकास काली माता मंदिर पर सुबह की पाली में करीब 20 हजार श्रद्धालुओं ने माता रानी का पूजन किया। श्रद्धालु महिलाओं ने एक स्वर में माता रानी के भजन गाए तो माहौल खासा धार्मिक हो गया। फूलमती मंदिर व जेसीज चौराहा काली माता मंदिर पर भी भक्तों की भीड़ रही। पढ़ीन दरवाजा स्थित बड़ी माता मंदिर, शहर के नरायनपुर स्थित गमा देवी मंदिर में भी सुबह से ही आरती के स्वर गूंजते दिखे। तिलक नगर स्थित बाबा भूतेश्वर धाम पर श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया गया है। संयोजक अंजुल शुक्ल, राहुल मिश्र, अरविंद दुबे आदि ने बताया कि प्रवचन 3 अक्टूबर तक चलेंगे। आचार्य श्री नारायण दीक्षित ने गुरुवार को शक्ति स्वरूपा देवी मां के महत्व पर चर्चा की। औद्योगिक नगर दिबियापुर में सेंट्रल बैंक के सामने श्रद्धालुओं ने मां की भव्य झांकी सजाई। अश्ाू ठाकुर, गुड्डू तोमर ने व्यवस्थाओं में सहयोग किया।