सूरज के तेवर तल्ख, 39 पर टिका तापमान
औरैया, जागरण संवाददाता : सूरज के तेवर खासे तल्ख होने से लोग बेहाल हैं। तपिश और उमस से बुधवार को दिन भर लोग जूझते रहे। अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस पर रहा। उमस भरी गर्मी से सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा तो बाजारों में भी चहल पहल सिमटी रही। गर्मी से फसलों के लिए और संकट बढ़ गया है।
बुधवार को न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जबकि हवा की गति 2 से 3 किमी प्रति घंटा रही। आर्द्रता 76 प्रतिशत दर्ज की गई। सूरज निकलने के साथ ही तपिश और उमस बेहाल करने लगी। दिन चढ़ने के साथ ही सूरज के तेवर लगातार तल्ख होते गए और दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा नजर आने लगा। बाजारों में भी चहल पहल सिमट गई। दिन भर यही स्थिति रही। उमस भरी गर्मी से जूझ रहे लोगों के लिए दिन में बिजली की जबरदस्त कटौती ने भी मुसीबत खड़ी की। स्थिति यह रही कि लोगों को न तो घर के अंदर चैन मिल रहा था और न ही बाहर निकलने पर सुकून। आम लोगों के साथ पशु पक्षियों के लिए भी मुसीबत घिर आई है। उधर फसलों के लिए संकट बढ़ता जा रहा है। किसान बारिश का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन यहां कई दिनों से बूंदाबांदी तक नहीं हुई है, जिससे उनकी मेहनत और उम्मीदें बिखरती दिख रही हैं। धान की फसल के लिए सर्वाधिक नुकसान बताया जा रहा है जबकि बाजरा, अरहर, मक्का, तिल की फसलों पर भी संकट के बादल मड़राने लगे हैं। सूरज की तल्खी से फसलें पीली पड़ रही हैं तो किसानों के चेहरों पर भी चिंता की लकीरें साफ दिखने लगी हैं। कृषि विज्ञान केंद्र के मौसम विशेषज्ञ डा. संदीप कुमार सिंह ने बताया कि सितंबर में भी अच्छी बारिश नहीं है। उनके अनुसार 6 से 12 सितंबर के बीच बदली जरूर घिर सकती है और बूंदाबांदी हो सकती है। फिलहाल गर्मी से राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है।