प्रदूषण के विरोध में महिला भूख हड़ताल पर
मंडी धनौरा: घनी आबादी वाले मुहल्ले में चक्की से हो रहे प्रदूषण को लेकर महिला ने उप जिलाधिकारी कार्यालय के समक्ष भूख हड़ताल शुरू कर दी।
मंडी धनौरा : घनी आबादी वाले मुहल्ले में चक्की से हो रहे ध्वनि प्रदूषण को लेकर महिला ने उप जिलाधिकारी कार्यालय के समक्ष भूख हड़ताल शुरू कर दी। एसडीएम ने उसे कार्यवाही का आश्वासन देकर हड़ताल समाप्त करा दी।
मुहल्ला सैनी नगर शहवाजपुर रोड पर संजय उर्फ संजू पुत्र ओमप्रकाश अपने आवासीय मकान में चक्की चलाता है। मुहल्ले की ही श्यामवती पत्नी चंद्रपाल का आरोप है कि चक्की से क्षेत्र में ध्वनि प्रदूषण होता है। तरह-तरह के रोग फैल रहे हैं। उसके मकान की दीवारों में दरार पड़ गई हैं। मना करने के बावजूद संजय मान नहीं रहा है। इसको लेकर महिला ने एसडीएम को शिकायती पत्र सौंप कर भूख हड़ताल की चेतावनी दी। पत्र पर कोई कार्रवाई नहीं होने से खफा होकर महिला मंगलवार की सुबह तहसील पहुंची और एसडीएम कार्यालय के समक्ष भूख हड़ताल पर बैठ गई। इससे खलबली मच गई।
इस पर एसडीएम ने महिला से वार्ता की। जांच उपरांत कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। इसके पश्चात महिला भूख हड़ताल स्थगित कर लौट गई। साथ ही चेतावनी दी कि कार्रवाई नहीं होने पर वह फिर हड़ताल पर बैठने को विवश होंगी।