रजबपुर के दो घरों से 13 लाख की चोरी
जागरण संवाददाता रजबपुर सीढ़ी लगाकर घरों में घुसे चोरों ने पूर्व प्रधान समेत दो घरों से नकदी व जेवरात समेत लगभग 13 लाख रुपये का सामान चोरी कर लिया। तीसरे घर में दाखिल होते समय जाग हो गई तो चोर भाग निकले। दोनों घटनाओं की जानकारी सुबह को ही हुई। इन घटनाओं से गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
रजबपुर : सीढ़ी लगाकर घरों में घुसे चोरों ने पूर्व प्रधान समेत दो के घरों से नकदी व जेवरात समेत लगभग 13 लाख रुपये का सामान चोरी कर लिया। तीसरे घर में दाखिल होते समय जाग हो गई तो चोर भाग निकले। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
चोरी की यह घटना थाना क्षेत्र के गांव बदौनिया की है। यहां पूर्व प्रधान वीरेंद्र सिंह का परिवार रहता है। शुक्रवार रात वीरेंद्र सिंह परिजनों के साथ घर के आंगन में सो रहे थे। रात में किसी समय चोरों ने सीढ़ी लगाकर दूसरी मंजिल पर बने कमरे की खिड़की तोड़ ली तथा दाखिल हो गए। नीचे आकर कमरे का दरवाजा खोला तथा अलमारी में रखी एक लाख 20 हजार रुपये की नकदी, सोना-चांदी के जेवरात, कीमती कपड़े चोरी कर लिए। यहां से चोरों ने लगभग 10 लाख रुपये का सामान चोरी कर लिया।
उसके बाद चोरों ने पड़ोसी मंजीत सिंह के घर पर धावा बोला। यहां भी खिड़की का शीशा तोड़ कर घर में प्रवेश कर लिया। यहां से एक लाख रुपये की नकदी, सोना-चांदी के जेवरात समेत लगभग तीन लाख रुपये का सामान चुरा कर ले गए। इसके बाद चोरों ने गांव के ही जयवीर सिंह के मकान को भी निशाना बनाने की कोशिश की थी। चोर दीवार फांद कर घर में दाखिल होने की कोशिश कर रहे थे। उस समय जयवीर सिंह का नौकर सुभाष जाग रहा था। उसने शोर मचाया तो चोर भाग निकले।
दोनों घटनाओं की जानकारी शनिवार सुबह जागने पर हुई। इन घटनाओं से गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। प्रभारी निरीक्षक संजय तोमर ने बताया कि जल्दी ही पर्दाफाश किया जाएगा।